भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत MY Bharat ने हर घर तिरंगा अभियान और देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत National Flag of India Quiz 2026 शुरू किया है. यह ऑनलाइन क्विज 15 अगस्त 2026 तक MY Bharat पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी. इसका उद्देश्य युवाओं को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, महत्व और उससे जुड़े संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी देना है.
युवाओं में तिरंगे के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल
युवा कार्यक्रम विभाग के अनुसार, पिछले वर्ष आयोजित राष्ट्रीय ध्वज क्विज को मिले उत्साहजनक प्रतिसाद के बाद इस वर्ष भी इसका आयोजन किया गया है. इस पहल के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रभक्ति, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही MY Bharat प्लेटफॉर्म से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने पर भी जोर दिया गया है.
कौन कर सकता है भागीदारी
इस क्विज में केवल MY Bharat पोर्टल पर पंजीकृत (Registered) उपयोगकर्ता भाग ले सकते हैं. क्विज सभी भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है, जिन्हें भाषिणी (Bhashini) प्लेटफॉर्म समर्थन देता है. प्रत्येक पंजीकृत उपयोगकर्ता को केवल एक बार क्विज देने का अवसर मिलेगा.
20 प्रश्न, 10 मिनट का समय
National Flag of India Quiz 2026 में कुल 20 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न होंगे, जिन्हें 10 मिनट के भीतर हल करना होगा. प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक मिलेगा और इसमें किसी प्रकार की नेगेटिव मार्किंग नहीं रखी गई है.
किन विषयों से पूछे जाएंगे प्रश्न
क्विज में राष्ट्रीय ध्वज के विकास और इतिहास, तिरंगे के निर्माण में योगदान देने वाले प्रमुख व्यक्तित्वों, भारतीय संविधान में राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े प्रावधानों, Flag Code of India, 2002, Prevention of Insults to National Honour Act, 1971 तथा भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों पर आधारित प्रश्न शामिल होंगे.
विजेताओं को मिल सकता है विशेष अवसर
क्विज सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी पात्र प्रतिभागियों को ई-सर्टिफिकेट दिया जाएगा. वहीं 21 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पंजीकृत प्रतिभागी विजेता बनने के पात्र होंगे, यदि वे निर्धारित शर्तों को पूरा करते हैं.
शीर्ष अंक प्राप्त करने वाले पात्र प्रतिभागियों में से विजेताओं का चयन कंप्यूटर आधारित रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा. चयनित युवाओं को भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों या अन्य उपयुक्त स्थानों का भ्रमण करने का अवसर दिया जा सकता है.
15 अगस्त तक रहेगा खुला
MY Bharat ने देशभर के युवाओं से बड़ी संख्या में इस क्विज में भाग लेने और हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने की अपील की है. इच्छुक पंजीकृत युवा MY Bharat पोर्टल पर जाकर 15 अगस्त 2026 तक इस क्विज में भाग ले सकते हैं.
Source: Ministry of Youth Affairs and Sports


