नई दिल्ली: नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण’ का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. फिल्म में बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर जहां भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे, वहीं साउथ सुपरस्टार यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं. पर्दे पर इन दोनों दिग्गजों की भिड़ंत देखने के लिए दर्शक बेहद एक्साइटेड हैं. हाल ही में रणबीर कपूर ने फिल्म में यश के काम और उनके ऑरा की जमकर तारीफ की है.
यश ने रावण के किरदार में फूंकी जान
बता दें कि रणबीर कपूर ने खुलासा किया कि भले ही उन्होंने और यश ने अभी तक एक साथ सीन शूट नहीं किए हैं, लेकिन वह लंबे समय से यश के काम के मुरीद रहे हैं. रणबीर ने कहा कि भगवान राम और रावण का सामना फिल्म के अंत में या फिर बीच में होता है. हमने अभी वो सीन शूट नहीं किए हैं, इसलिए हमें साथ में स्क्रीन शेयर करने का मौका नहीं मिला. लेकिन मैं यश को काफी समय से जानता हूं और उनके काम का बड़ा प्रशंसक रहा हूं. हमें इस रोल के लिए एक ऐसे स्टार की जरूरत थी जिसका ऐसा ऑरा और स्टारडम हो.
रावण के किरदार को लेकर रणबीर ने आगे कहा कि सालों से रावण का बहुत ही घिसा-पिटा (स्टीरियोटाइप) चित्रण होता आया है, लेकिन यश का रावण बिल्कुल अलग है. यश ने अपने स्वैग, ऑरा और ईमानदारी से इस किरदार को निभाया है और पर्दे पर रावण को फिर से जीवित कर दिया है.
इरादा सही हो तो हर चुनौती आसान
फिल्म और अपने किरदार के बारे में बात करते हुए सुपरस्टार यश ने कहा कि रामायण जैसी महान गाथा में काम करना काफी तकनीकी और शारीरिक चुनौतियों से भरा रहा है. यश के मुताबिक, अगर फिल्म बनाने वाली टीम और उनका इरादा सही हो, तो सब कुछ बेहतर होता है. मेकअप, लुक्स और स्पेशल इफेक्ट्स के लिहाज से यह बेहद डिमांडिंग फिल्म है. यश ने कहा कि इस कहानी में जिंदगी के इतने पहलू हैं कि इसे बनाते हुए उन्होंने बहुत कुछ सीखा है और पूरी टीम इसे एक नए अंदाज में पेश करने के लिए तैयार है.
राष्ट्रमंडल खेल 2026: पैरा पावरलिफ्टिंग में झंडू कुमार ने जीता कांस्य पदक, भारत का खुला मेडल खाता
ऐन वक्त पर टला ट्रेलर रिलीज, दिवाली पर धमाके की तैयारी
24 जुलाई को फिल्म का वर्ल्डवाइड ट्रेलर रिलीज होना तय था, लेकिन आखिरी वक्त पर इसे पोस्टपोन कर दिया गया. प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि रामायण भारतीय सिनेमा के 100 सालों के इतिहास का सबसे खास प्रोजेक्ट है और इसे दुनिया भर में सही तरीके से पहुंचाने के लिए ट्रेलर की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी. नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह भव्य फिल्म इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी.


