भारतीय वायुसेना ने अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरवायु अयोद्धी (नॉन-कॉम्बैटेंट) भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. यह भर्ती हॉस्पिटैलिटी और हाउसकीपिंग स्ट्रीम के लिए की जाएगी. इच्छुक उम्मीदवार 17 अगस्त 2026 तक ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.
भर्ती प्रक्रिया के तहत आवेदन फॉर्म भारतीय वायुसेना (IAF) की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा. इसके बाद आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन पत्र सामान्य डाक या ड्रॉप बॉक्स के माध्यम से निर्धारित वायुसेना स्टेशन पर भेजना होगा.
हॉस्पिटैलिटी और हाउसकीपिंग स्ट्रीम में होगी भर्ती
जारी अधिसूचना के अनुसार अग्निवीरवायु अयोद्धी (नॉन-कॉम्बैटेंट) के पदों पर भर्ती हॉस्पिटैलिटी और हाउसकीपिंग स्ट्रीम के लिए की जाएगी. चयनित अभ्यर्थियों को भोजन तैयार करने, रसोई प्रबंधन, भोजन परोसने, सफाई और हाउसकीपिंग से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी निभानी होगी.
ये सभी कार्य भारतीय वायुसेना में नॉन-कॉम्बैटेंट श्रेणी के अंतर्गत किए जाएंगे.
कौन कर सकता है आवेदन
भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है.
अधिसूचना के अनुसार उम्मीदवार की जन्म तिथि 1 जनवरी 2005 से 1 जुलाई 2009 के बीच होनी चाहिए. इस भर्ती के लिए केवल अविवाहित पुरुष अभ्यर्थी आवेदन करने के पात्र हैं.
इसके अलावा न्यूनतम लंबाई 152 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है.
ऐसे होगी चयन प्रक्रिया
अभ्यर्थियों का चयन कई चरणों में किया जाएगा.
सबसे पहले 30 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित होगी. लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा.
शारीरिक परीक्षण में 1.6 किलोमीटर दौड़, पुश-अप्स, सिट-अप्स और स्क्वैट्स शामिल होंगे.
इसके बाद उम्मीदवारों का ट्रेड स्किल टेस्ट आयोजित किया जाएगा. अंतिम चरण में मेडिकल जांच होगी. सभी चरण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा.
चार वर्ष की होगी सेवा
अग्निपथ योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति चार वर्ष के लिए की जाएगी.
जारी जानकारी के अनुसार पहले वर्ष चयनित अग्निवीरवायु अयोद्धी को 30 हजार रुपये प्रतिमाह का पैकेज मिलेगा. यह राशि प्रत्येक वर्ष बढ़ेगी और चौथे वर्ष तक 40 हजार रुपये प्रतिमाह हो जाएगी.
फैटी लिवर के ये लक्षण दिखें तो हो जाएं सतर्क, समय रहते बचाव है जरूरी
17 अगस्त तक ऑफलाइन आवेदन का अवसर
इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन पत्र भारतीय वायुसेना की वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा. आवेदन पत्र को आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित वायुसेना स्टेशन पर सामान्य डाक या ड्रॉप बॉक्स के माध्यम से 17 अगस्त 2026 तक जमा करना होगा.
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले भर्ती अधिसूचना में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों और पात्रता संबंधी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है.


