Delhi Fire Service Recruitment: दिल्ली के युवाओं और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली अग्निशमन सेवा में 2,345 अतिरिक्त पदों के सृजन को मंजूरी दे दी है. इस फैसले के बाद विभाग में स्वीकृत पदों की कुल संख्या 3,096 से बढ़कर 5,441 हो जाएगी. सरकार के मुताबिक, 1942 में स्थापित अग्निशमन विभाग के 84 साल के इतिहास में पहली बार इतने बड़े स्तर पर कैडर का पुनर्गठन किया जा रहा है.
फायर विभाग में इन पदों पर बढ़ेगी भर्ती
मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद दिल्ली अग्निशमन सेवा में अलग-अलग श्रेणियों के पदों की संख्या बढ़ाई जाएगी. इनमें वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर मैदानी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों के पद शामिल हैं. बता दें कि जिसमें डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर, डिविजनल ऑफिसर, असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर, स्टेशन ऑफिसर, सब ऑफिसर, लीडिंग फायरमैन, फायर ऑपरेटर, चपरासी, माली तक के कर्मचारियों का पद है. इस फैसले से अग्निशमन विभाग में कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ेगी और आग लगने या आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी.
3,096 से बढ़कर 5,441 हुई पदों की संख्या
दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, विभाग में पहले कुल 3,096 स्वीकृत पद थे. अब 2,345 नए पदों की मंजूरी के बाद यह संख्या बढ़कर 5,441 हो जाएगी. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की बढ़ती आबादी, तेजी से फैलते शहरी क्षेत्र, ऊंची इमारतें, औद्योगिक प्रतिष्ठान और घनी आबादी वाली बस्तियां अग्निशमन सेवाओं के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर रही हैं. उन्होंने कहा कि आग या किसी अन्य आपदा के दौरान हर मिनट महत्वपूर्ण होता है. ऐसे में पर्याप्त प्रशिक्षित कर्मचारी और मजबूत नेतृत्व व्यवस्था लोगों की जान और संपत्ति बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं.
दिल्ली में क्यों जरूरी था फायर विभाग का विस्तार?
दिल्ली जैसे बड़े महानगर में अग्निशमन विभाग की जिम्मेदारी केवल आग बुझाने तक सीमित नहीं है. सड़क दुर्घटनाओं, आपातकालीन घटनाओं और विभिन्न प्रकार के बचाव अभियानों में भी फायर सर्विस की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. नई व्यवस्था से वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर फायर ऑपरेटर और अन्य कर्मचारियों तक की उपलब्धता बढ़ेगी. इससे विभाग का कामकाज बेहतर होगा और आपातकालीन परिस्थितियों में तेजी से कार्रवाई की जा सकेगी.
गृह मंत्री आशीष सूद ने क्या कहा?
दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने इस फैसले को विभाग के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया. उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित कैडर पुनर्गठन से दिल्ली अग्निशमन सेवा को मजबूत संस्थागत आधार मिलेगा. उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. दिल्ली में बढ़ते अग्नि जोखिमों को देखते हुए विभाग में पर्याप्त कर्मचारी, मजबूत निगरानी व्यवस्था और हर परिस्थिति से निपटने की क्षमता होना जरूरी है.
यह भी पढ़ें- Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 12वां आरोपी गिरफ्तार, 6 नवंबर तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया
सरकार का मानना है कि 2,345 अतिरिक्त पदों के सृजन से दिल्ली की आपातकालीन सेवाएं मजबूत होंगी और राजधानी को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी. हालांकि, इन पदों पर भर्ती की तारीख, आवेदन प्रक्रिया और योग्यता संबंधी विस्तृत जानकारी का अलग से इंतजार करना होगा.
यह भी पढ़ें- दिल्ली से पटना और गुवाहाटी तक पहुंचेगी बुलेट ट्रेन, यूपी के इन शहरों को मिलेगा फायदा


