साप्ताहिक राशिफल 9-15 अगस्त 2026: 9 से 15 अगस्त 2026 का सप्ताह सभी 12 राशियों के लिए अलग-अलग अनुभव लेकर आ सकता है. ग्रहों की चाल का असर नौकरी, कारोबार, धन, परिवार, प्रेम और स्वास्थ्य पर देखने को मिल सकता है. कुछ लोगों के रुके हुए काम आगे बढ़ेंगे और नए अवसर मिल सकते हैं, जबकि कुछ राशियों को निवेश, खर्च और महत्वपूर्ण फैसलों में सावधानी रखनी होगी. परिवार और प्रेम संबंधों में भी उतार-चढ़ाव संभव है. प्रयागराज के पंडित अवि शुक्ला आचार्य के अनुसार, यह सप्ताह कुछ राशियों के लिए अच्छा और लाभ देने वाला रहेगा, वहीं कुछ लोगों को संभलकर आगे बढ़ना होगा.
मेष राशि
मेष राशि वालों की सेहत इस सप्ताह ठीक-ठाक रहेगी. प्रेम और संतान से जुड़ी स्थिति पहले से बेहतर होगी, लेकिन इसमें थोड़ी कमजोरी बनी रह सकती है. सूर्य पंचमेश होकर अपने से द्वादश भाव में और लग्न से चतुर्थ भाव में है, इसलिए स्थिति अच्छी होते हुए भी कुछ कमजोर मानी जा रही है. व्यापार की स्थिति अच्छी रहेगी और किसी बड़ी परेशानी के संकेत नहीं हैं. जीवनसाथी से जुड़े मामलों में स्थिति मध्यम रह सकती है.
सप्ताह की शुरुआत में आपके पराक्रम का अच्छा परिणाम मिलेगा. रोजी-रोजगार में तरक्की के योग हैं और नया व्यापार शुरू किया जा सकता है. मध्य में भूमि, भवन या वाहन की खरीदारी के प्रबल योग बनेंगे, हालांकि घर के माहौल में ऊर्जा कुछ कम रह सकती है. सप्ताह के अंत में प्रेम संबंधों में बहस हो सकती है और मन भावुक रहेगा. बच्चों की सेहत पर ध्यान दें. शुरुआत में निवेश किया जा सकता है. लाल वस्तु पास रखना या लाल रंग के कपड़े पहनना शुभ रहेगा.
वृषभ राशि
वृषभ राशि वालों की शारीरिक स्थिति मध्यम रहेगी, लेकिन प्रेम और व्यापार के लिए समय बहुत अच्छा है. सप्ताह की शुरुआत में धन का आगमन होगा और कुटुंब में वृद्धि के योग बनेंगे. निवेश के लिए भी यह समय अनुकूल रहेगा. मध्य सप्ताह में व्यापारिक ऊर्जा कुछ कम हो सकती है, इसलिए नया व्यापार शुरू करने से बचें.
सप्ताह के अंतिम हिस्से में घरेलू कलह से बचना होगा. पारिवारिक सुख प्रभावित हो सकता है. भूमि, भवन या वाहन खरीदने का विचार भी फिलहाल टालना बेहतर रहेगा. हरी वस्तु पास रखना या हरे रंग के कपड़े पहनना शुभ होगा. मसूर की दाल का दान करना भी लाभकारी रहेगा.
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा. प्रेम और संतान से जुड़ी स्थिति थोड़ी मध्यम रहेगी, जबकि व्यापार सामान्य रूप से ठीक चलेगा. सप्ताह की शुरुआत में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहेगी और आप आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेंगे. निवेश के लिए यह समय मध्यम रहेगा.
मध्य सप्ताह में स्थिति अच्छी रहेगी, लेकिन धन हानि के संकेत होने के कारण निवेश से बचें. कुटुंब के लोगों से विवाद करने से भी बचना होगा. सप्ताह के अंत में व्यापारिक स्थिति मध्यम रह सकती है और नया काम शुरू करना उचित नहीं होगा. नाक, कान और गले से जुड़ी परेशानी हो सकती है. काली जी को प्रणाम करना शुभ रहेगा.
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव बना रहेगा. प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में कुछ दूरी महसूस हो सकती है, हालांकि व्यापार की स्थिति अच्छी रहेगी. सप्ताह की शुरुआत में चिंता बढ़ सकती है और खर्च अधिक होने से मन परेशान रहेगा. इस समय निवेश बिल्कुल न करें.
प्रेम और संतान से दूरी की स्थिति बनी रह सकती है. ऊर्जा का स्तर भी कम रहेगा. सप्ताह के अंत में धन हानि के संकेत हैं, इसलिए आर्थिक मामलों में सावधानी रखें. पूरे सप्ताह प्रेम संबंधों को संभालकर चलना जरूरी होगा. बजरंगबली को प्रणाम करना और उनकी शरण में रहना आपके लिए शुभ रहेगा.
सिंह राशि
सिंह राशि वालों का स्वास्थ्य मध्यम रहेगा. लग्नेश द्वादश भाव में होने से खर्च बढ़ सकता है और प्रेम संबंधों में दूरी आ सकती है. व्यवसाय की स्थिति भी मध्यम रहेगी. सप्ताह की शुरुआत में आय के नए रास्ते बनेंगे और पुराने स्रोतों से भी धन आने की संभावना है. इस समय निवेश किया जा सकता है.
मध्य सप्ताह में धन हानि के संकेत हैं, इसलिए निवेश न करें. सिरदर्द और आंखों में परेशानी रह सकती है. सप्ताह के अंत में घबराहट और बेचैनी महसूस हो सकती है. कुल मिलाकर शुरुआत अच्छी और बाकी समय मध्यम रहेगा. सूर्य को जल देना तथा नीली वस्तु या नीले कपड़े का दान करना शुभ रहेगा.
कन्या राशि
कन्या राशि वालों का स्वास्थ्य थोड़ा मध्यम रह सकता है. हार्मोनल परेशानी की संभावना है, लेकिन भाग्य आपका साथ देगा. मानसिक चंचलता को नियंत्रित करने की जरूरत होगी. प्रेम और संतान की स्थिति अच्छी रहेगी और व्यापार भी बेहतर चलेगा.
सप्ताह की शुरुआत में व्यापारिक ऊर्जा बढ़ेगी. कोर्ट-कचहरी के मामलों में विजय मिल सकती है और पिता का सहयोग प्राप्त होगा. मध्य में आय के नए स्रोत बनेंगे और पुराने माध्यमों से भी धन आएगा. यात्रा लाभदायक रहेगी और निवेश के लिए समय काफी अच्छा है. अंत में खर्च बढ़ने से मन परेशान हो सकता है. काली जी को प्रणाम करना और उन्हें सफेद वस्तु अर्पित करना शुभ रहेगा.
तुला राशि
तुला राशि वालों का स्वास्थ्य मध्यम रहेगा और ऊर्जा की कमी महसूस हो सकती है. प्रेम और संतान से जुड़ी स्थिति सामान्य रहेगी, जबकि व्यापार अच्छा चलेगा. सप्ताह की शुरुआत में भाग्य का साथ मिलेगा और यात्रा के योग बनेंगे. इस दौरान कई काम पूरे हो सकते हैं.
मध्य में व्यापार अच्छा रहेगा, लेकिन नया व्यापार शुरू न करें और कोर्ट-कचहरी के मामलों से भी दूर रहें. सप्ताह के अंत में आय के नए रास्ते बनेंगे और पुराने स्रोतों से भी धन आएगा. यात्रा का योग भी रहेगा. कुल मिलाकर पूरा सप्ताह शुभ रहेगा. ताम्र पात्र का दान करना उचित रहेगा.
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों का स्वास्थ्य मध्यम रहेगा. लग्नेश अष्टम भाव में होने के कारण सप्ताह की शुरुआत सावधानी से करनी होगी. चोट-चपेट लगने या किसी परेशानी में पड़ने की आशंका है, इसलिए कोई जोखिम न लें. प्रेम और संतान की स्थिति शुभ रहेगी और व्यापार भी अच्छा चलेगा.
मध्य सप्ताह से परिस्थितियां सामान्य होने लगेंगी, लेकिन मान-सम्मान को लेकर सावधानी रखनी होगी. यात्रा करने से बचें. सप्ताह के अंत में व्यापारिक स्थिति मजबूत होगी, लेकिन नया व्यापार शुरू न करें. कोर्ट-कचहरी से भी दूरी रखें. सूर्य को जल देना शुभ रहेगा.
धनु राशि
धनु राशि वालों का स्वास्थ्य मध्यम रहेगा. प्रेम संबंध विवाह की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं और रिश्ते में परिपक्वता आएगी. प्रेम के लिहाज से सप्ताह अच्छा रहेगा. व्यापार और नौकरी दोनों की स्थिति अच्छी रहेगी.
सप्ताह की शुरुआत में जीवनसाथी का साथ मिलेगा और प्रेमी-प्रेमिका की मुलाकात हो सकती है. जीवन में सरलता आएगी. मध्य सप्ताह थोड़ा खराब रह सकता है, इसलिए जोखिम लेने से बचें. अंत से परिस्थितियां फिर बेहतर होने लगेंगी. व्यवसाय अच्छा रहेगा, लेकिन अपनी प्रतिष्ठा का ध्यान रखें और यात्रा से बचें. तांबे की वस्तु पास रखना शुभ रहेगा.
मकर राशि
मकर राशि वालों का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा. प्रेम और संतान की स्थिति बेहतर रहेगी और व्यापार भी अच्छा चलेगा. सप्ताह की शुरुआत में शत्रुओं की ओर से कुछ उपद्रव हो सकता है, लेकिन आप उन पर अपना दबदबा बनाए रखने में सफल रहेंगे.
मध्य सप्ताह में जीवनसाथी और स्वास्थ्य पर ध्यान देना जरूरी होगा. अंत में चोट-चपेट लगने या किसी परेशानी में पड़ने की आशंका है, इसलिए सावधानी रखें. मसूर की दाल का दान करना शुभ रहेगा.
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, लेकिन प्रेम और संतान से जुड़ी स्थिति थोड़ी मध्यम रहेगी. व्यापार की स्थिति अच्छी रहेगी. सप्ताह की शुरुआत में क्रोध और भावुकता पर नियंत्रण रखें. प्रेम में बहस से बचें और नए प्रेम संबंध की शुरुआत फिलहाल रोकना बेहतर होगा.
मध्य में शत्रुओं पर दबदबा कायम होगा. ज्ञान की प्राप्ति होगी और बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलेगा. सप्ताह के अंत में जीवनसाथी और स्वास्थ्य पर ध्यान देना होगा. यह सप्ताह थोड़ा परेशान करने वाला रह सकता है. हरी वस्तु पास रखना या हरे रंग के कपड़े पहनना शुभ रहेगा.
मीन राशि
मीन राशि वालों का स्वास्थ्य ठीक रहेगा. प्रेम और संतान की स्थिति अच्छी रहेगी. व्यापार भी अच्छा चलेगा और जीवनसाथी के साथ संबंधों में मधुरता बनी रहेगी. हालांकि मानसिक चंचलता और भटकाव से बचना होगा.
सप्ताह की शुरुआत में भूमि, भवन या वाहन की खरीदारी के प्रबल योग हैं, लेकिन गृह क्लेश हो सकता है. मध्य में प्रेम संबंधों में तू-तू, मैं-मैं की स्थिति बन सकती है. महत्वपूर्ण फैसलों को फिलहाल रोकना बेहतर होगा क्योंकि भावुकता अधिक रह सकती है. अंत में शत्रुओं पर दबदबा रहेगा लेकिन समय मानसिक रूप से परेशान करने वाला हो सकता है. प्रेम और संतान की स्थिति मध्यम रहेगी. सूर्य को जल देना शुभ रहेगा.


