Raksha Bandhan 2026: रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने जाने वाली बहनों के लिए उत्तर प्रदेश रोडवेज ने बड़ा तोहफा दिया है. उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने महिलाओं को 27 से 29 अगस्त तक रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने की तैयारी की है. यानी बहनों को भाई के घर जाने और राखी बांधकर वापस लौटने के लिए बस का किराया नहीं देना होगा. इस दौरान महिला यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे. परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारी शुरू कर दी है.
‘आरामदायक’ दिखने वाले क्रॉक्स बच्चों के विकास के लिए क्यों हैं खतरनाक?
27 से 29 अगस्त तक फ्री सफर
रक्षाबंधन इस बार 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जाएगा. महिलाओं को 27 अगस्त से 29 अगस्त तक तीन दिन निशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी. 27 अगस्त को बहनें भाई के घर जाने के लिए सफर कर सकेंगी, 28 अगस्त को राखी बांधेंगी और 29 अगस्त को मुफ्त बस सेवा का लाभ उठाकर वापस लौट सकेंगी. यात्रा के दौरान महिला यात्रियों को शून्य रुपये का टिकट जारी किया जाएगा. इस सुविधा का उद्देश्य त्योहार के दौरान महिलाओं को सुरक्षित और सुगम परिवहन उपलब्ध कराना है.
250 अतिरिक्त बसों के बराबर बढ़ेंगे फेरे
रक्षाबंधन के दौरान बस अड्डों पर होने वाली भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों के बराबर फेरे बढ़ाए जाएंगे. कौशांबी डिपो से मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़, हापुड़ समेत आसपास के शहरों के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं यात्रा करती हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए 26 से 31 अगस्त तक करीब 250 अतिरिक्त बसों के बराबर फेरे बढ़ाने की तैयारी है.
इन रूटों पर बढ़ेंगे बसों के फेरे
- लखनऊ: 30 फेरे
- बरेली: 40 फेरे
- हल्द्वानी: 10 फेरे
- बदायूं: 70 फेरे
- मैनपुरी: 44 फेरे
- कानपुर: 16 फेरे
- एटा-अलीगढ़: 40 फेरे
ड्राइवर-कंडक्टरों की छुट्टियां रद्द
त्योहार के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने ड्राइवरों और कंडक्टरों की छुट्टियां भी रद्द करने का फैसला किया है. करीब छह दिनों तक चालक और परिचालक ड्यूटी पर रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक बसों का संचालन किया जा सके और यात्रियों को परेशानी न हो.
सावन सोमवार पर ऐसे चढ़ाएं बेलपत्र, शिवजी की पूजा में भूलकर भी न करें ये गलती
महिलाओं से नहीं लिया जाएगा किराया
कौशांबी डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक के.एन. चौधरी के मुताबिक, रक्षाबंधन के लिए छह दिनों तक बसों के अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे. इसके साथ ही 27 से 29 अगस्त तक महिला यात्रियों से बस यात्रा का किराया नहीं लिया जाएगा. रक्षाबंधन के दौरान बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. ऐसे में यूपी रोडवेज की यह निशुल्क यात्रा सुविधा उन बहनों के लिए राहत देने वाली है, जो त्योहार पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए दूसरे शहरों की यात्रा करेंगी.


