Kanpur August 17: उत्तर प्रदेश के कानपुर में 16 रुपये के एक ऑफर ने ऐसा हंगामा खड़ा कर दिया कि मामला पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया. अनवरगंज थाना क्षेत्र की आलम मार्केट में 15 अगस्त की रात कपड़ों पर 16 रुपये के ऑफर का प्रचार किया गया था. ऑफर की जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हजारों की संख्या में लोग मार्केट पहुंच गए. भीड़ बढ़ने के बाद हालात बेकाबू हो गए और पुलिस को लाठियों के जरिए भीड़ को खदेड़ना पड़ा.
J&K में समय से पहले खुली सुंगल सुरंग, जम्मू-पुंछ हाईवे पर बढ़ी कनेक्टिविटी
मामला आलम मार्केट में 15 अगस्त की रात का है. बताया गया कि ‘आलम मार्ट’ के मालिक रईस आलम के बेटे के जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स के जरिए एक वीडियो वायरल कराया गया था. इस वीडियो में दावा किया गया था कि 15 अगस्त की रात ठीक 11:59 बजे से अगले 16 मिनट तक दुकान में जींस, शर्ट, सूट और जूते जैसी चीजें महज 16 रुपये में दी जाएंगी.
16 रुपये में महंगे कपड़े मिलने की बात सोशल मीडिया पर तेजी से फैली तो बड़ी संख्या में लोग ऑफर का फायदा उठाने के लिए आलम मार्केट पहुंचने लगे. स्थिति यह रही कि निर्धारित समय से करीब ढाई घंटे पहले ही हजारों लोग मार्केट में जुटने लगे थे. देखते ही देखते भीड़ इतनी बढ़ गई कि वहां मौजूद दुकानदार के लिए स्थिति संभालना मुश्किल हो गया.
भीड़ बढ़ती देख और अपनी सुरक्षा को लेकर डर के कारण दुकानदार ने दुकान का शटर गिरा दिया. शटर गिराए जाने के बाद वहां मौजूद लोग भड़क गए और हंगामा शुरू हो गया. इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करनी पड़ी. पुलिस ने लाठियों के जरिए बेकाबू भीड़ को वहां से खदेड़ा.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से जुटी भीड़
पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर 16 रुपये के ऑफर के लिए इतनी बड़ी संख्या में लोग कैसे जुट गए. दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में 16 मिनट के लिए सिर्फ 16 रुपये में कपड़े और दूसरी चीजें मिलने का दावा किया गया था. ऑफर की जानकारी तेजी से लोगों तक पहुंची और बड़ी संख्या में लोग निर्धारित समय से काफी पहले ही मार्केट में पहुंच गए.
पुलिस के मुताबिक, इस तरह बिना अनुमति बड़ी संख्या में लोगों को जुटाने और सार्वजनिक व्यवस्था व सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में दोनों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी.
दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक रविवार को घेराबंदी कर सलमान आलम और रईस आलम को गिरफ्तार किया गया. दोनों पर बिना अनुमति इस तरह ऑफर का प्रचार कर बड़ी संख्या में लोगों को मौके पर जुटाने और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने का आरोप है.
पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों ने बिना अनुमति ऑफर का प्रचार कराया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. भीड़ बढ़ने के कारण सार्वजनिक व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा के लिए स्थिति गंभीर हो गई. फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की है.
BWF Badminton World Championships 2026 आज से दिल्ली में शुरू, 17 साल बाद भारत कर रहा मेजबानी
कानपुर की इस घटना ने यह सवाल भी खड़ा किया है कि सोशल मीडिया पर किसी ऑफर या प्रचार को बड़े स्तर पर फैलाने से पहले भीड़ और सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का ध्यान रखना कितना जरूरी है. 16 रुपये के ऑफर से शुरू हुआ यह मामला कुछ ही देर में भीड़, हंगामे और पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया.


