यमुना सिटी: नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ी परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है. फरीदाबाद और गुरुग्राम को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का करीब 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. शेष काम को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए निर्माण एजेंसी जुटी हुई है. इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से हरियाणा के लोगों को जेवर एयरपोर्ट पहुंचने के लिए सीधा और सुविधाजनक रास्ता मिलेगा.
करीब 31.42 किलोमीटर लंबे इस छह लेन के एक्सप्रेसवे का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) करा रहा है. परियोजना पर लगभग 3,630.77 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. एक्सप्रेसवे का करीब 24 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा और सात किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में बनाया जा रहा है. निर्माण कार्य जून 2023 में शुरू हुआ था और इसे पूरा करने का लक्ष्य अप्रैल 2027 निर्धारित किया गया है.
11 किलोमीटर हिस्सा बनेगा एलिवेटेड, कई शहरों को मिलेगा फायदा
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का करीब 11 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड बनाया जा रहा है. इससे आबादी वाले क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही आसान होगी और रास्ते में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है. इस कॉरिडोर से फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और गुरुग्राम के लोगों को जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचने में सुविधा होगी.
इसके अलावा एक्सप्रेसवे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को भी आपस में जोड़ेगा. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी मिलने के कारण दक्षिणी दिल्ली और हरियाणा के कई इलाकों से नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान हो जाएगा.
जमीन अधिग्रहण और किसानों के विरोध से प्रभावित हुआ काम
परियोजना के निर्माण में जमीन अधिग्रहण और किसानों के विरोध के कारण कई बार अड़चनें आईं. सोतई गांव के पास करीब 680 मीटर जमीन पर कब्जा नहीं मिलने से एलिवेटेड हिस्से का निर्माण प्रभावित हुआ था. मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने धरना भी दिया था.
अगस्त में इस विवाद के चलते परियोजना की समयसीमा बढ़ानी पड़ी थी. अब निर्माण कार्य में तेजी आने के साथ करीब 80 प्रतिशत काम पूरा होने की बात कही जा रही है. शेष निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह एक्सप्रेसवे जेवर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देगा और दिल्ली-एनसीआर के साथ हरियाणा के यात्रियों के लिए सफर आसान बनाएगा.
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में बनेगा गंगा-यमुना पर दो फोरलेन पुल, 6200 करोड़ से तैयार होगा रिंग रोड का दूसरा चरण
यह भी पढ़ें- दिल्ली से गुरुग्राम तक दौड़ेगी मेट्रो! 8 नए कॉरिडोर का प्रस्ताव, 65 स्टेशन बनेंगे, इन इलाकों को मिलेगा फायदा


