Prayagraj News: संगम नगरी प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले हजारों छात्रों के लिए योगी सरकार बड़ी सौगात देने की तैयारी में है. जिस जमीन पर कभी पूर्वांचल के चर्चित माफिया विजय मिश्रा का कब्जा था, वहां अब शिक्षा की अलख जगाने की तैयारी है. योगी सरकार इस जमीन पर मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस बहुमंजिला डिजिटल लाइब्रेरी बनाने जा रही है.
अल्लापुर में स्थित इस जमीन पर करीब 450 वर्ग मीटर क्षेत्र में लाइब्रेरी का निर्माण प्रस्तावित है. लाइब्रेरी की चार मंजिलों पर करीब 2 हजार प्रतियोगी छात्र एक साथ बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे. प्रयागराज में प्रतियोगी छात्रों की बड़ी संख्या को देखते हुए इस परियोजना को काफी अहम माना जा रहा है.
नोएडा में 400 परिवारों पर जल संकट, नाले के रिसाव से पानी भर रहे थे मासूम
माफिया के कॉम्प्लेक्स पर चलेगा बुलडोजर, अब बनेगी लाइब्रेरी
अल्लापुर इलाके में विजय मिश्रा के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया गया था. साल 2020 में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने अवैध निर्माण के चलते इस कॉम्प्लेक्स को ध्वस्त कर दिया था. बाद में जमीन के सत्यापन के दौरान सामने आया कि यह सरकारी नजूल की जमीन थी. बताया गया कि विजय मिश्रा ने जमीन को पहले लीज पर लिया था और बाद में अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए इसे फ्रीहोल्ड करा लिया था. अब इस जमीन को दोबारा अपने कब्जे में लेने के लिए PDA की ओर से प्रक्रिया चल रही है. राजस्व विभाग की तरफ से जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. जमीन के स्वामित्व का मामला सुलझने के बाद डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है.
80 हजार से 1 लाख प्रतियोगी छात्रों के लिए बड़ी राहत
प्रयागराज का अल्लापुर इलाका प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों का बड़ा केंद्र माना जाता है. यहां करीब 80 हजार से 1 लाख प्रतियोगी छात्रों के रहने और पढ़ाई करने का अनुमान है. ऐसे में छात्रों के बीच अच्छी लाइब्रेरी और अध्ययन केंद्रों की मांग लगातार बनी रहती है. प्रस्तावित डिजिटल लाइब्रेरी में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की तैयारी है, जिससे छात्रों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिल सकेगा.
चार मंजिलों पर बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी
प्रस्तावित भवन में नीचे के तल पर कुछ दुकानें बनाए जाने की योजना है. इन दुकानों से मिलने वाले किराये का इस्तेमाल लाइब्रेरी के रखरखाव में किया जा सकता है. वहीं पहली, दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जाएगी. यहां एक साथ करीब 2 हजार छात्र बैठकर अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे.
अतीक की जमीन पर गरीबों के घर, विजय मिश्रा की जमीन पर शिक्षा का केंद्र
प्रयागराज में माफिया के खिलाफ कार्रवाई के बाद जब्त या मुक्त कराई गई जमीनों के इस्तेमाल को लेकर योगी सरकार लगातार अलग-अलग योजनाओं पर काम कर रही है. माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आवास बनाए जाने के बाद अब विजय मिश्रा से जुड़ी जमीन पर छात्रों के लिए डिजिटल लाइब्रेरी बनाने की तैयारी को सरकार की अलग तरह की पहल माना जा रहा है. यानी जिस जमीन पर कभी दबंगई और अवैध कब्जे का साया था, वहीं अब किताबें, कंप्यूटर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नजर आएगी.
झारखंड सरकार ने JSSC-CGL परीक्षा की रद्द, TDPL की सभी भर्ती परीक्षाओं पर भी रोक
कौन है विजय मिश्रा?
विजय मिश्रा पूर्वांचल के चर्चित बाहुबलियों में शामिल रहा है. वह भदोही की ज्ञानपुर विधानसभा सीट से कई बार विधायक रह चुका है. उसके खिलाफ हत्या, अपहरण, रंगदारी, दुष्कर्म और जमीन कब्जाने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं. वर्तमान में विजय मिश्रा आगरा जेल में बंद है. दो मामलों में उसे अदालत से सजा भी हो चुकी है. ऐसे में प्रयागराज में उसके पुराने प्रभाव से जुड़ी जमीन पर डिजिटल लाइब्रेरी बनाने की योजना को माफिया के प्रभाव वाले स्थान को शिक्षा के केंद्र में बदलने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. माफिया के कब्जे से मुक्त जमीन पर अब छात्रों के सपनों को उड़ान देने की तैयारी है—जहां कभी दबदबा था, वहां अब किताबों की आवाज सुनाई देगी.


