Meerut Industrial Corridor: उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है. मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहे औद्योगिक गलियारे में अमेरिकी कंपनी बाल कॉर्पोरेशन की भारतीय इकाई बाल बेवरेज पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट का भूमि पूजन 25 नवंबर को होगा. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है. कंपनी इस परियोजना पर करीब 3,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. यहां पेय पदार्थों की पैकेजिंग के लिए एल्युमीनियम कैन बनाने का प्लांट स्थापित किया जाएगा.
किस दिन होगा भूमि पूजन?
मेरठ के बिजौली और खरखौदा गांव की करीब 214 हेक्टेयर जमीन पर औद्योगिक गलियारे का पहला चरण विकसित किया जा रहा है. इस परियोजना के तहत सबसे पहले बाल बेवरेज के प्लांट का भूमि पूजन होगा. कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. आयोजन के लिए 100×120 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में जर्मन हैंगर तैयार किया जा रहा है.
कंपनी ने कार्यक्रम की व्यवस्था की जिम्मेदारी इवेंट कंपनी स्फिनिक्स एडोनिस इंडिया को सौंपी है. इवेंट मैनेजर जुबैर चौधरी के मुताबिक, भूमि पूजन समारोह को लेकर तैयारियां की जा रही हैं.
20 हेक्टेयर जमीन पर लगेगा 3000 करोड़ का प्लांट
सरकार ने हाल ही में बाल बेवरेज पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड को करीब 20 हेक्टेयर का भूखंड आवंटित किया है. कंपनी इस जमीन पर 3,000 करोड़ रुपये का निवेश करके एल्युमीनियम कैन निर्माण इकाई स्थापित करेगी.
इस प्लांट में कोल्ड ड्रिंक्स, बीयर, एनर्जी ड्रिंक्स और अन्य पेय पदार्थों की पैकेजिंग के लिए कैन तैयार किए जाएंगे. कंपनी का दावा है कि करीब एक साल में यहां उत्पादन शुरू हो सकता है.
24 भूखंडों में से 7 का कंपनियों को आवंटन
गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे मेरठ में विकसित हो रहे औद्योगिक गलियारे के प्रथम चरण में यूपीडा ने कुल 24 भूखंड निर्धारित किए हैं. इनमें से सात भूखंड विभिन्न कंपनियों को आवंटित किए जा चुके हैं.
अब तक 190 हेक्टेयर से अधिक जमीन की खरीद की जा चुकी है और यूपीडा ने यहां विकास कार्य शुरू करा दिए हैं. चयनित एजेंसी ब्लैकलीड इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर कोमल सिंह के अनुसार, औद्योगिक गलियारे में सात मुख्य सड़कों का निर्माण किया जाएगा. इनके किनारे प्रीकास्ट तकनीक से सीमेंटेड नालियां बनाई जा रही हैं.
सड़कों के निर्माण के लिए मिट्टी भराव और जमीन को समतल करने का काम भी तेजी से चल रहा है. निर्माण एजेंसी ने यहां अपना प्लांट भी स्थापित कर लिया है.
कौन है अमेरिकी कंपनी बाल कॉर्पोरेशन?
अमेरिका की बाल कॉर्पोरेशन पेय पदार्थों, पर्सनल केयर और घरेलू उत्पादों के लिए रिसाइकिल किए जा सकने वाले एल्युमीनियम कैन और बोतलें बनाती है. भारत में कंपनी बाल बेवरेज पैकेजिंग (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कारोबार कर रही है.
फिलहाल भारत में इसके दो प्लांट तलोजा (महाराष्ट्र) और श्री सिटी (आंध्र प्रदेश) में संचालित हैं. मेरठ में नई उत्पादन इकाई स्थापित होने से कंपनी की भारतीय बाजार में मौजूदगी और मजबूत होगी.
गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित होंगे 30 औद्योगिक गलियारे
उत्तर प्रदेश सरकार पांच औद्योगिक एक्सप्रेसवे के किनारे कुल 30 औद्योगिक गलियारे विकसित कर रही है. मेरठ से प्रयागराज तक जाने वाले गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे भी 11 जिलों में औद्योगिक गलियारों के लिए जमीन खरीदी जा रही है.
मेरठ में 3,000 करोड़ रुपये के निवेश वाली यह परियोजना औद्योगिक विकास के लिहाज से अहम मानी जा रही है. इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-आगरा कॉरिडोर पर 1,123 करोड़ रुपये से होगा सड़क विकास, वेस्ट दिल्ली को भी मिलेगी जाम से राहत
यह भी पढ़ें- Bihar News: बिहार में गन्ना किसानों के लिए CM सम्राट चौधरी की बड़ी पहल, सभी जिलों में रवाना किए ‘गन्ना विकास रथ-2026


