Kaushambi Blast News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में 31 अगस्त को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया. इस दर्दनाक हादसे में 11 लोगों की जान चली गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस प्रशासन ने 7 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है, वहीं मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है.
कहां की है ये घटना?
दरअसल, ये घटना कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी इलाके की बताई जा रही है, बता दें कि इस दर्दनाक हादसे में अब तक 11 लोगों की जान चली गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
पुलिसकर्मियों पर गाज, मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली
लापरवाही के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए प्रयागराज रेंज के आईजी अजय कुमार मिश्रा ने मंगलवार को इंस्पेक्टर शिवचरण राम, सब-इंस्पेक्टर विकास सिंह व विनय सिंह समेत 7 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया. दूसरी ओर, मंगलवार तड़के भागने की फिराक में लगे मुख्य आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है.
पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.
लियोनेल मेसी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से लिया संन्यास, 20 साल का Argentina करियर हुआ खत्म
फैक्ट्री संचालक पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा के मुताबिक, फैक्ट्री संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई के भी संकेत दिए हैं. वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल पहुंचकर विस्फोट में घायल लोगों से मुलाकात की. उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर और तत्काल इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.


