लद्दाख में युवाओं को प्रशासन और सरकारी कामकाज से जोड़ने की पहल तेज हो गई है. उपराज्यपाल द्वारा 22 अगस्त को लॉन्च किए गए ‘Zhabstok Ladakh’ Youth Internship Portal के जरिए युवाओं को अलग-अलग सरकारी विभागों के साथ काम करने का मौका दिया जा रहा है. इस इंटर्नशिप की अवधि 3 महीने होगी और चयनित युवाओं को 5,000 रुपये मासिक स्टाइपेंड के साथ अनुभव प्रमाण-पत्र भी दिया जाएगा.
लद्दाख की सचिव भानु प्रभा ने युवाओं से इस अवसर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है. उन्होंने बताया कि इंटर्नशिप के जरिए युवा प्रशासन के साथ जुड़कर सरकारी विभागों के कामकाज को करीब से समझ सकेंगे और विकसित लद्दाख की दिशा में योगदान दे सकेंगे.
गोरखपुर को मिली पहली इलेक्ट्रिक AC डबल डेकर बस, कुशीनगर तक चलेगी सेवा
25 विभागों में इंटर्नशिप का मौका
सचिव भानु प्रभा के मुताबिक, यह इंटर्नशिप लद्दाख के युवाओं को प्रशासन के 25 अलग-अलग विभागों के साथ जुड़ने का अवसर देगी. युवा अपनी शैक्षणिक योग्यता या पहले के काम के अनुभव के आधार पर 5 विभागों को अपनी पसंद के तौर पर चुन सकते हैं.
इन 5 विकल्पों में से जिस विभाग में युवा के लिए उपयुक्त रोल उपलब्ध होगा, संबंधित विभाग की ओर से उसे इंटर्नशिप ऑफर की जाएगी.
इस व्यवस्था के जरिए युवाओं को अपनी रुचि और योग्यता के मुताबिक सरकारी कामकाज को समझने का अवसर मिलेगा.
3 महीने की इंटर्नशिप और 5,000 रुपये स्टाइपेंड
‘Zhabstok Ladakh’ Youth Internship Portal के तहत इंटर्नशिप की अवधि 3 महीने रखी गई है. युवाओं को इस दौरान प्रशासन के साथ काम करने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा.
इंटर्नशिप के साथ युवाओं को 5,000 रुपये का मासिक स्टाइपेंड भी दिया जाएगा. इसके अलावा उन्हें अनुभव प्रमाण-पत्र भी मिलेगा. भानु प्रभा ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य युवाओं को अनुभव देने के साथ इंटर्नशिप से कुछ वित्तीय लाभ भी उपलब्ध कराना है.
6 सितंबर है आवेदन की आखिरी तारीख
लद्दाख की सचिव भानु प्रभा ने युवाओं से इंटर्नशिप के लिए समय रहते आवेदन करने की अपील की है. उन्होंने बताया कि आवेदन की आखिरी तारीख 6 सितंबर है.
उन्होंने युवाओं को इसे एक अच्छा अवसर बताते हुए इसमें ज्यादा से ज्यादा संख्या में हिस्सा लेने का आग्रह किया है.
प्रशासन और युवाओं के बीच जुड़ाव बढ़ाने की कोशिश
भानु प्रभा ने कहा कि इस इंटर्नशिप से सिर्फ युवाओं को ही फायदा नहीं होगा, बल्कि प्रशासन को भी समुदाय की जरूरतों को समझने में मदद मिलेगी. युवाओं के साथ जुड़कर यह पता लगाने का अवसर मिलेगा कि अलग-अलग समुदायों की क्या मांगें हैं और उन्हें बेहतर सुविधाएं किस तरह दी जा सकती हैं.
युवाओं के लिए यह अनुभव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वे करीब से देख सकेंगे कि कोई सरकारी विभाग और प्रशासन किस तरह काम करता है और उन्हें किन तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है.
विकसित लद्दाख के विजन से जुड़ी पहल
सचिव भानु प्रभा ने बताया कि यह पहल उपराज्यपाल के उस विजन से जुड़ी है, जिसमें प्रशासन, समुदाय और युवा मिलकर विकसित लद्दाख की दिशा में आगे बढ़ें.
RIMC प्रवेश परीक्षा के लिए NTA ने शुरू की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, 30 सितंबर तक मौका
उन्होंने कहा कि युवाओं और समुदाय की भागीदारी के साथ प्रशासन मिलकर काम करेगा तो विकसित लद्दाख की दिशा में तेजी से आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है. इस इंटर्नशिप के जरिए युवाओं को प्रशासन से सीधे जुड़ने और सरकारी कामकाज का अनुभव हासिल करने का अवसर दिया जा रहा है.


