Bijnor News: बिजनौर में गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. एक्सप्रेसवे के लिए चिह्नित भूमि का गजट जारी कर दिया गया है. इसके साथ ही अब जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है. प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और इसी महीने अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- यूपी के इस जिले में बनेगा 150 एकड़ का भव्य Biodiversity Park, खर्च होंगे 136 करोड़; मिलेंगी ये खास सुविधाएं
109 गांवों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेसवे
गंगा एक्सप्रेसवे जिले की चांदपुर, बिजनौर और नजीबाबाद तहसील के 109 गांवों से होकर गुजरेगा. परियोजना के लिए करीब 1,000 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है. इसमें 10 हजार से अधिक किसानों की जमीन शामिल है. गजट जारी होने के बाद अब चिन्हित जमीनों के दर निर्धारण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. प्रशासन की ओर से भूमि से जुड़े अभिलेखों और अन्य जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करने का काम तेज कर दिया गया है.
किसानों को दी जाएगी भूमि अधिग्रहण की जानकारी
अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने के बाद संबंधित किसानों को उनकी भूमि के संबंध में जानकारी दी जाएगी. प्रशासनिक स्तर पर दस्तावेजों की जांच और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं, ताकि भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया जा सके.
जमीन अधिग्रहण के बाद निर्माण में आएगी तेजी
गंगा एक्सप्रेसवे को बिजनौर के लिए महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है. भूमि अधिग्रहण पूरा होने के बाद जिले में एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी. एक्सप्रेसवे बनने से बिजनौर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है. इससे दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और प्रदेश के अन्य हिस्सों तक आवागमन सुगम हो सकेगा.
यह भी पढ़ें- PMAY-U 2.0: सरकार ने 18.77 लाख घरों को दी मंजूरी, 6 राज्यों को मिलेगा लाभ
अधिकारी ने क्या कहा?
बिजनौर के एडीएम न्यायिक शरद पाल ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे के लिए चिह्नित जमीन का गजट जारी कर दिया गया है. अब जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी. उन्होंने कहा कि जमीन अधिग्रहण के बाद जल्द ही एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा.


