Entertainment News: टीवी की दुनिया में एक नई जोड़ी दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है. प्रोड्यूसर एकता कपूर अपने नए रोमांटिक फैमिली ड्रामा ‘दिल की बेवफाइयां’ के साथ छोटे पर्दे पर दस्तक देने जा रही हैं. इस शो में पहली बार गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या की जोड़ी नजर आएगी. स्टार प्लस ने शो की प्रीमियर डेट का ऐलान कर दिया है. यह सीरियल 24 नवंबर से प्रसारित होगा.
खास बात यह है कि गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या पहली बार किसी शो में एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगे. गौरव खन्ना ‘अनुपमा’ के बाद और श्रद्धा आर्या ‘कुंडली भाग्य’ के बाद डेली फिक्शन में वापसी कर रही हैं.
एकता कपूर ने जारी किए शो के 9 पोस्टर
‘दिल की बेवफाइयां’ को एकता कपूर की बालाजी टेलीफिल्म्स प्रोड्यूस कर रही है. शो की रिलीज डेट के साथ चैनल ने इसके 9 प्रमोशनल पोस्टर भी जारी किए हैं. टीवी सीरियल के प्रमोशन के लिए इस तरह की पहल को खास बताया जा रहा है.
इन पोस्टर्स में शो के किरदारों, उनके रिश्तों और कहानी की झलक देखने को मिल रही है. इससे पहले गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या को बालाजी टेलीफिल्म्स के ऑफिस पहुंचते हुए दिखाया गया था, जिसके बाद से ही शो को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं.
गौरव-श्रद्धा की जोड़ी को लेकर एक्साइटेड हैं एकता कपूर
शो की नई जोड़ी को लेकर प्रोड्यूसर एकता कपूर भी काफी उत्साहित हैं. उन्होंने कहा कि दोनों कलाकारों को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है और वह लंबे समय से उन्हें एक साथ स्क्रीन पर देखना चाहती थीं.
एकता कपूर ने कहा, “दोनों ने दर्शकों से खूब प्यार हासिल किया है. मैं लंबे समय से उन्हें एक साथ स्क्रीन पर देखने की इच्छा रखती थी. अब जब यह हो रहा है तो मैं उत्साहित भी हूं और थोड़ी नर्वस भी. मैं पहले से ही सोच रही हूं कि दर्शक दोनों को साथ देखकर कैसी प्रतिक्रिया देंगे.”
गौरव खन्ना बोले- GK is Back!
गौरव खन्ना भी नए शो के साथ टीवी पर वापसी को लेकर काफी खुश हैं. उन्होंने कहा कि उनके फैंस लगातार पूछ रहे थे कि वह नए शो में कब नजर आएंगे. अब वह उन्हें यह खुशखबरी दे सकते हैं कि GK वापस आ गया है. गौरव ने कहा कि दर्शकों का प्यार और इंतजार उनकी वापसी को और खास बना रहा है. स्टार प्लस पर नए शो के साथ लौटना और पहली बार एकता कपूर के साथ काम करना उनके लिए शानदार अनुभव होगा. उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल वह शो को लेकर ज्यादा राज नहीं खोल सकते. श्रद्धा और वह दर्शकों के लिए कुछ नया लेकर आ रहे हैं और बाकी बातें धीरे-धीरे सामने आएंगी.
पूजा सेरेमनी के बाद बढ़ा शो का बज
‘दिल की बेवफाइयां’ दोनों कलाकारों के करियर के लिहाज से भी खास है. श्रद्धा आर्या लंबे समय तक ‘कुंडली भाग्य’ से जुड़ी रहने के बाद एक बार फिर बालाजी टेलीफिल्म्स के साथ काम कर रही हैं. वहीं, गौरव खन्ना पहली बार एकता कपूर के प्रोडक्शन हाउस के साथ जुड़े हैं.
शो के लॉन्च से पहले दोनों कलाकारों ने पूजा सेरेमनी में भी हिस्सा लिया. इस दौरान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, जिसके बाद दर्शकों के बीच शो को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है. अब देखना दिलचस्प होगा कि गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या की यह नई जोड़ी दर्शकों का दिल जीतने में कितनी कामयाब होती है. ‘दिल की बेवफाइयां’ का प्रीमियर 24 नवंबर को स्टार प्लस पर होगा.
यह भी पढ़ें- Diwali Special: सब उड़ाते हैं मजाक, फिर भी हर घर पहुंचती है सोन पापड़ी! जानिए क्यों दिवाली पर मीम बन जाती है ये मिठाई


