Entertainment News: रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ ने 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है. निर्देशक नितेश तिवारी की इस भव्य फिल्म को पहले दिन दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है. फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स (VFX), दमदार अभिनय, भव्य एक्शन सीक्वेंस और संगीत की जमकर तारीफ हो रही है. मुंबई में पहले दिन फिल्म देखने पहुंचे कई दर्शकों ने इसे भारतीय सिनेमा का यादगार अनुभव बताया. एक दर्शक ने तो इसे अब तक की सबसे बेहतरीन भारतीय फिल्म तक कह दिया.
रणबीर कपूर के श्रीराम अवतार ने जीता दर्शकों का दिल
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं. रिलीज से पहले ही उनकी कास्टिंग को लेकर काफी चर्चा थी, लेकिन शुरुआती प्रतिक्रियाओं में दर्शक उनके अभिनय की तारीफ करते नजर आए. एक दर्शक ने कहा कि रणबीर कपूर ने श्रीराम के किरदार को शानदार तरीके से निभाया है. उनके चेहरे पर दिखने वाली मासूमियत और भाव दर्शकों को काफी प्रभावित कर रहे हैं.
एक अन्य दर्शक ने कहा कि जब रणबीर कपूर पर्दे पर आते हैं तो मन को सुकून मिलता है. उनके मुताबिक, श्रीराम के किरदार में रणबीर की आंखों और चेहरे के भाव बेहद प्रभावशाली हैं. एक दर्शक ने फिल्म को भारतीय सिनेमा की सर्वश्रेष्ठ फिल्म बताते हुए लोगों से इसे दो से तीन बार देखने की अपील भी की.
यश के रावण अवतार की भी हो रही तारीफ
फिल्म में यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं. उनके किरदार को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिला. शुरुआती प्रतिक्रियाओं में यश की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस, खतरनाक अंदाज और एक्शन सीक्वेंस की तारीफ की गई.
एक दर्शक ने कहा कि यश को फिल्म में बेहद खतरनाक अंदाज में दिखाया गया है. वहीं, दूसरे दर्शक ने उनके रावण अवतार की भव्यता और एक्शन दृश्यों को शानदार बताया. फिल्म में साई पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आ रहे हैं.
VFX और जटायु युद्ध का सीन बना बड़ा आकर्षण
‘रामायण: पार्ट 1’ की सबसे बड़ी खासियत इसके भव्य विजुअल्स और हाई-लेवल VFX को माना जा रहा है. फिल्म में आठ बार ऑस्कर जीत चुके विजुअल इफेक्ट्स स्टूडियो DNEG ने काम किया है. शुरुआती दर्शकों ने फिल्म के जटायु युद्ध वाले सीक्वेंस की खास तौर पर तारीफ की है.
दर्शकों का कहना है कि फिल्म में हर दृश्य को बारीकी से तैयार किया गया है. सिनेमैटोग्राफी, निर्देशन और एक्शन सीक्वेंस इसे बड़े पर्दे पर देखने का शानदार अनुभव देते हैं. कई दर्शकों ने इसे भारतीय सिनेमा में अब तक देखे गए सबसे भव्य सिनेमाई अनुभवों में से एक बताया.
एआर रहमान और हंस जिमर का संगीत भी बना चर्चा का विषय
फिल्म का संगीत भी इसकी बड़ी खासियत है. भारतीय संगीतकार एआर रहमान और हॉलीवुड के मशहूर संगीतकार हंस जिमर ने पहली बार एक साथ काम किया है. यह हंस जिमर की भारतीय सिनेमा में भी पहली बड़ी एंट्री है.
दोनों संगीतकारों का बैकग्राउंड स्कोर फिल्म के युद्ध दृश्यों, भावनात्मक पलों और भव्य सिनेमाई प्रस्तुति को और प्रभावशाली बनाता है.
अरुण गोविल को दशरथ के रूप में देखकर भावुक हुए दर्शक
फिल्म में नितेश तिवारी के निर्देशन की भी तारीफ हो रही है. एक दर्शक, जिसने खुद को फिल्ममेकर बताया, ने कहा कि वह ‘दंगल’ के समय से नितेश तिवारी के काम का प्रशंसक रहा है. उसने फिल्म में राम और रावण दोनों के किरदारों को विस्तार से दिखाने के तरीके की सराहना की.
वहीं, फिल्म में अरुण गोविल को राजा दशरथ की भूमिका में देखकर कई दर्शक भावुक हो गए. अरुण गोविल इससे पहले रामानंद सागर की लोकप्रिय टीवी रामायण में भगवान राम का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बना चुके हैं. एक दर्शक ने कहा कि उन्हें अरुण गोविल को दशरथ के रूप में देखकर काफी भावुक अनुभव हुआ.
दिवाली 2027 में आएगा दूसरा पार्ट
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण: पार्ट 1’ की कहानी महर्षि वाल्मीकि की प्राचीन रामायण पर आधारित है. फिल्म की पटकथा श्रीधर राघवन ने लिखी है. इसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे और अरुण गोविल अहम भूमिकाओं में हैं.
फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है. यह दो भागों में बनने वाली भव्य सिनेमाई सीरीज है. फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होने वाला है.
यह भी पढ़ें- मुंबई में 14 इंटरनेशनल रूट की उड़ानें होंगी शिफ्ट, नवी मुंबई एयरपोर्ट से भरेंगी उड़ान, जानें किन देशों पर पड़ेगा असर


