Varanasi News: नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. उत्तर प्रदेश के वाराणसी में टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग को बढ़ावा देने के लिए बड़ी पहल हुई है. अहमदाबाद की दिग्गज कंपनी अरविंद लिमिटेड ने 150 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक टेक्सटाइल विनिर्माण इकाई स्थापित की है. खोचवां में 6 एकड़ क्षेत्र में फैली इस यूनिट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर चुके हैं. इस परियोजना से करीब 1000 युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है. कंपनी ने 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती कर उनका प्रशिक्षण भी शुरू कर दिया है.
इस यूनिट में अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के लिए स्पोर्ट्सवियर और इनरवेयर का निर्माण किया जाएगा. इससे वाराणसी के साथ-साथ पूरे पूर्वांचल में टेक्सटाइल और गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को नई गति मिलने की संभावना है.
150 करोड़ के निवेश से तैयार हुई अत्याधुनिक यूनिट
अहमदाबाद स्थित अरविंद लिमिटेड ने वाराणसी के खोचवां में करीब 150 करोड़ रुपये का निवेश कर यह विनिर्माण इकाई स्थापित की है. 6 एकड़ में फैली इस यूनिट में आधुनिक तकनीक के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के ब्रांड्स के लिए कपड़े तैयार किए जाएंगे.
कंपनी की इस परियोजना से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं. खास बात यह है कि यूनिट में महिलाओं की भागीदारी को भी प्राथमिकता दी जा रही है. अब तक 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है.
21 दिनों में मिलीं सभी प्रमुख मंजूरियां
इस परियोजना को धरातल पर उतारने में इन्वेस्ट यूपी ने अहम भूमिका निभाई. एजेंसी ने कंपनी, वाराणसी जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर वैधानिक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा कराने में मदद की.
इन्वेस्ट यूपी की हैंडहोल्डिंग और अंतर-विभागीय समन्वय के चलते परियोजना को लगभग 21 दिनों के भीतर प्रमुख वैधानिक मंजूरियां और अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) प्राप्त हुए. इससे निवेश को तय समय में आगे बढ़ाने में मदद मिली.
भूमि से लेकर फायर और प्रदूषण नियंत्रण की मिली मंजूरी
परियोजना के लिए वाराणसी जिला प्रशासन ने भूमि संबंधी मामलों और जरूरी अनुमतियों के निस्तारण में सहयोग किया. इसमें भूमि विनिमय से जुड़े मुद्दे का समाधान, उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 80 के तहत अनुमति और भूजल अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय शामिल रहा.
इसके अलावा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से कंसेंट टू एस्टेब्लिश (CTE) और कंसेंट टू ऑपरेट (CTO), फायर एनओसी, भूजल एनओसी, श्रम विभाग से फैक्ट्री पंजीकरण और जिला पंचायत वाराणसी से भवन मानचित्र की स्वीकृति जैसी प्रमुख प्रक्रियाएं पूरी की गईं.
महिलाओं को प्रशिक्षण, अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के लिए होगा उत्पादन
यूनिट में 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती के बाद प्रशिक्षण शुरू किया गया है. यहां अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के लिए स्पोर्ट्सवियर और इनरवेयर का निर्माण होगा. इससे स्थानीय स्तर पर महिलाओं को औद्योगिक क्षेत्र में काम करने और कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा.
पूर्वांचल में बढ़ेगा टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग
वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की यह परियोजना पूर्वांचल में टेक्सटाइल और गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है. करीब 1000 रोजगार अवसरों की संभावना से स्थानीय युवाओं को फायदा मिल सकता है. साथ ही उद्योग से जुड़े परिवहन, सप्लाई चेन और अन्य सहायक कारोबारों को भी गति मिलने की उम्मीद है.
यह परियोजना उत्तर प्रदेश में निवेश प्रस्तावों को तेजी से जमीन पर उतारने और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के प्रयासों का उदाहरण है.
यह भी पढ़ें- ग्रामीण पशुपालन को मजबूत करेगी VB-G RAM G योजना, चारा उत्पादन से पशु आश्रय तक 22 कार्यों पर जोर


