Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के जयप्रभा ग्राम में मंगलवार, 17 नवंबर को भव्य श्रीराम कथा महोत्सव का शुभारंभ हुआ. नौ दिवसीय इस धार्मिक आयोजन का उद्घाटन योग गुरु बाबा रामदेव और देश के कई प्रमुख संतों की मौजूदगी में हुआ. चित्रकूट बालाजी ट्रस्ट के अध्यक्ष आलोक दास जी महाराज की ओर से आयोजित इस महोत्सव में प्रसिद्ध कथावाचक राजन जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे.
बाबा रामदेव ने की आलोक दास जी महाराज की सराहना
महोत्सव के शुभारंभ के बाद बाबा रामदेव ने आयोजन की सराहना करते हुए आलोक दास जी महाराज को गोंडा ही नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव बताया. उन्होंने कहा कि युवा संत ने अपने प्रयासों से गोंडा को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है.
मीडिया से बातचीत में बाबा रामदेव ने कहा, “इस युवा संत (आलोक दास जी) ने आज न केवल उत्तर प्रदेश में, बल्कि पूरे देश में गोंडा का गौरव स्थापित किया है.”
20 नवंबर को कथा महोत्सव में पहुंचेंगे सीएम योगी
बाबा रामदेव ने आगामी 20 नवंबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन पर भी खुशी जताई. उन्होंने कहा कि इस अवसर पर श्रद्धेय महंत और प्रदेश के ऊर्जावान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा. उन्होंने मुख्यमंत्री को सनातन धर्म और राष्ट्र का गौरव बताया.
परिवार के साथ कथा सुनने पहुंचे श्रद्धालु: बाबा रामदेव
योग गुरु ने श्रद्धालुओं से पूरे परिवार के साथ श्रीराम कथा महोत्सव में शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोगों को कथा का लाभ उठाना चाहिए और अपने जीवन में राम, कृष्ण और शिव के आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए. बाबा रामदेव ने आयोजन की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दीं.
25 नवंबर तक चलेगा नौ दिवसीय महोत्सव
चित्रकूट बालाजी ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित यह श्रीराम कथा महोत्सव 25 नवंबर तक चलेगा. नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में पूज्य राजन जी महाराज श्रीराम कथा सुनाएंगे. आयोजन में देशभर से संतों और श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- क्या महेश बाबू बनने जा रहे हैं भगवान राम? राजामौली की ‘वाराणसी’ में होगा रामायण का बड़ा कनेक्शन!
यह भी पढ़ें- ‘वो जो भी है, केवल नाटक है…’, जब ‘शराबी’ के आइकॉनिक किरदार का राज़ अमिताभ बच्चन ने खोला


