नई दिल्ली: छठ महापर्व के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बड़ा फैसला लिया है. सोमवार, 16 नवंबर को दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सामान्य समय से डेढ़ घंटे पहले सुबह 4:30 बजे शुरू होंगी. आम दिनों में मेट्रो का संचालन सुबह 6 बजे से होता है. शुरुआती घंटों में सभी लाइनों पर 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी.
भारतीय जनता पार्टी के नेता पंकज कुमार सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फैसले की जानकारी साझा की. उन्होंने इसे छठ व्रतियों और राजधानी में रहने वाले पूर्वांचल समाज के लोगों के लिए दिल्ली सरकार की ओर से बड़ा उपहार बताया. उन्होंने कहा कि उषा अर्घ्य के अवसर पर श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए मेट्रो सेवाएं सुबह 4:30 बजे से शुरू की जाएंगी.
DMRC ने भी एक्स पर दी जानकारी
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने भी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इस संबंध में जानकारी साझा की है. DMRC के मुताबिक, 16 नवंबर 2026 को छठ पूजा के उषा अर्घ्य के अवसर पर नेटवर्क के सभी टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 4:30 बजे मेट्रो सेवाएं शुरू होंगी. यह सेवा सामान्य समय सुबह 6 बजे के बजाय डेढ़ घंटे पहले शुरू की जाएगी. नियमित राजस्व सेवाएं निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार शुरू होने तक सभी लाइनों पर 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें चलेंगी.
चार दिनों तक चलता है छठ महापर्व
छठ पूजा चार दिनों तक चलने वाला लोक आस्था का प्रमुख महापर्व है. इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है. इस दिन व्रती पवित्र स्नान करने के बाद अरवा चावल, चना दाल और लौकी की सब्जी से बना सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं.
दूसरे दिन खरना का विधान होता है. इस दिन व्रती सूर्योदय से सूर्यास्त तक निर्जला उपवास रखते हैं. शाम को पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण कर करीब 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत की शुरुआत करते हैं.
तीसरे दिन व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं. इसे संध्या अर्घ्य कहा जाता है. वहीं, चौथे और अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है, जिसे उषा अर्घ्य कहते हैं. इसके बाद पारण के साथ व्रत संपन्न होता है.
सूर्य देव और छठी मैया की होती है पूजा
छठ महापर्व में सूर्य देव और छठी मैया की पूजा की जाती है. यह पर्व पवित्रता, आस्था, समर्पण और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक माना जाता है. श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना के साथ कठिन व्रत रखते हैं.
यह भी पढ़ें- ISC 12वीं Maths Exam 2027: गणित के पेपर का नया पैटर्न जारी, 80 अंकों की परीक्षा में होंगे 4 सेक्शन
यह भी पढ़ें- किस्त बकाया होने पर भी फाइनेंस कंपनी जबरन नहीं छीन सकती गाड़ी, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने लगाया 10 हजार रुपये का हर्जाना


