नई दिल्ली: देश की सीमाओं पर सुरक्षा के साथ-साथ अब गांवों को आबाद रखने की दिशा में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. चीन सीमा से सटे अरुणाचल प्रदेश के 40 गांवों में एक बार फिर रौनक लौटने लगी है. जिन गांवों से कभी रोजगार और सुविधाओं की कमी के चलते लोग पलायन कर रहे थे, वहां अब लोग वापस लौटने लगे हैं. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को दावा किया कि इन सभी 40 गांवों की आबादी बढ़ी है और पलायन पूरी तरह रुक गया है. उन्होंने इसका श्रेय केंद्र सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही बिजली, रोजगार, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी सुविधाओं को दिया.
सीमा के गांवों में लौटी जिंदगी, सेना और ग्रामीणों के बीच बढ़ा भरोसा
अरुणाचल प्रदेश में आयोजित सहकारिता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि सीमावर्ती गांवों में विकास के साथ-साथ स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों के बीच संबंध भी मजबूत हुए हैं. इसके लिए गृह मंत्रालय ने ITBP और सेना को निर्देश दिया है कि वे अपनी जरूरतों का सामान बड़े शहरों से खरीदने के बजाय सीमावर्ती गांवों की सहकारी समितियों से खरीदें.
शाह ने कहा कि उन्होंने शनिवार को इन गांवों की स्थिति की समीक्षा की थी. उन्हें यह देखकर खुशी हुई कि सभी 40 गांवों में लोग वापस लौटने लगे हैं, आबादी बढ़ रही है और पलायन रुक गया है. उन्होंने बताया कि अब पहाड़ी इलाकों तक पानी पहुंचाने के साथ बिजली, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी काम किया जा रहा है.
महिलाओं की मेहनत से बदल रही गांवों की तस्वीर
अमित शाह ने सीमावर्ती गांवों की महिलाओं की भूमिका की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि महिलाएं सहकारी समितियों के माध्यम से दूध, अंडे, सब्जियां, मोटे अनाज और आटा उपलब्ध करा रही हैं. इससे ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ रही है और स्थानीय कृषि को भी नई मजबूती मिल रही है.
उन्होंने कहा कि गांवों की सहकारी समितियों से सेना और ITBP की खरीदारी होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिल रहा है. इससे एक तरफ स्थानीय लोगों को रोजगार मिल रहा है, तो दूसरी तरफ सुरक्षा बलों और सीमावर्ती गांवों के बीच भरोसे का रिश्ता भी गहरा हो रहा है.
अरुणाचल के विकास के लिए चार प्राथमिकताएं तय
गृह मंत्री ने अरुणाचल प्रदेश के विकास का रोडमैप बताते हुए रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रत्येक परिवार की समृद्धि को सरकार की चार प्रमुख प्राथमिकताएं बताया. उन्होंने सहकारी संस्थाओं और महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) से राज्य को जरूरी खाद्य उत्पादों के मामले में आत्मनिर्भर बनाने की अपील की.
शाह ने मुख्यमंत्री पेमा खांडू और उपमुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि अरुणाचल प्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी. उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के साथ राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर साढ़े तीन से चार घंटे तक विस्तार से चर्चा की गई और भविष्य के लिए योजनाएं तैयार की गईं.
11 सीमावर्ती जिलों में मोबाइल मेडिकल यूनिट, 110.95 करोड़ के प्रोजेक्ट लॉन्च
अमित शाह ने रविवार को अरुणाचल प्रदेश के 11 सीमावर्ती जिलों में वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम (VVP) के तहत 110.95 करोड़ रुपये की लागत वाली 199 विकास परियोजनाओं की शुरुआत की. इसके साथ ही सीमावर्ती गांवों में मोबाइल मेडिकल यूनिट भी रवाना की गईं, ताकि दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें.
इस दौरान उन्होंने ‘अरुणाचल प्रदेश कोऑपरेटिव विजन 2047’ का भी अनावरण किया. यह अगले दो दशकों में सहकारिता क्षेत्र के विकास की रूपरेखा तैयार करने वाला विजन डॉक्यूमेंट है.
‘आखिरी नहीं, देश के पहले गांव हैं सीमावर्ती इलाके’
अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच का जिक्र करते हुए कहा कि पहले सीमा पर बसे गांवों को देश का आखिरी गांव माना जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने इस सोच को बदलकर इन्हें देश का पहला गांव बताया है.
उन्होंने कहा कि देश के सीमावर्ती गांवों को विकास का सबसे बड़ा अधिकार है. इन इलाकों में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है. सरकार का प्रयास है कि सीमा पर बसे लोगों को बेहतर जीवन मिले और उन्हें रोजगार की तलाश में अपना घर छोड़कर न जाना पड़े.
चीन सीमा की सुरक्षा पर भी हुई उच्चस्तरीय समीक्षा
इससे पहले शनिवार को अमित शाह ने ईटानगर में कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा, सीमा प्रबंधन और विकास से जुड़े मुद्दों पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की थी. बैठक में केंद्र और राज्य की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल, स्थानीय खुफिया तंत्र को मजबूत करने और संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी पर जोर दिया गया.
अरुणाचल प्रदेश की चीन के साथ करीब 1,126 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा है. ऐसे में सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं का विकास भी रणनीतिक रूप से बेहद अहम माना जाता है. सरकार की कोशिश है कि सीमा पर बसे गांव न केवल सुरक्षित रहें, बल्कि रोजगार और बेहतर सुविधाओं के जरिए आर्थिक रूप से भी मजबूत बनें.
सीमावर्ती गांवों में बढ़ती आबादी और रुकते पलायन का दावा ऐसे समय में सामने आया है, जब सीमा सुरक्षा के साथ स्थानीय लोगों की मौजूदगी को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अब चुनौती इन विकास योजनाओं को लगातार जमीन पर उतारने और गांवों में रोजगार के स्थायी अवसर पैदा करने की होगी.
यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर कल से मंथन, दिल्ली में दो दिन चलेगी अहम बैठक
यह भी पढ़ें- PM मोदी की अपील का दिखा असर? 7 महीने में 40% घटा भारत का सोना आयात, 16.46 अरब डॉलर की बचत


