उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज होने लगी है. बीजेपी को सत्ता से बाहर करने की रणनीति बना रहे समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अब चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर दिल्ली में दो दिवसीय अहम बैठक होने जा रही है. 23 और 24 नवंबर को होने वाली इस बैठक में दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. माना जा रहा है कि बातचीत का सबसे अहम मुद्दा 403 विधानसभा सीटों पर चुनावी तालमेल और सीटों के बंटवारे का होगा.
सूत्रों के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच यह पहली औपचारिक बैठक होगी. ऐसे में इस बातचीत पर राजनीतिक गलियारों की नजरें टिकी हैं. दोनों दलों के सामने ऐसा चुनावी समीकरण तैयार करने की चुनौती होगी, जिससे बीजेपी को कड़ी टक्कर दी जा सके और INDIA गठबंधन की दावेदारी मजबूत हो.
‘सिर्फ चुनाव लड़ने नहीं, सरकार बनाने उतरेंगे’, कांग्रेस का दावा
एक तरफ सीटों के बंटवारे पर बातचीत की तैयारी है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस ने अपने इरादे भी साफ कर दिए हैं. उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव केवल भागीदारी के लिए नहीं, बल्कि सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ लड़ेगी.
उन्होंने पार्टी में अंदरूनी मतभेदों की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है. संगठन की समीक्षा के तहत वह अलग-अलग जिलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी और उनकी राय जानेंगी.
आराधना मिश्रा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता पार्टी के संगठन को मजबूत करना है, ताकि 2027 में INDIA गठबंधन उत्तर प्रदेश में सरकार बना सके. उनका कहना है कि चुनाव सिर्फ लड़ने के लिए नहीं, बल्कि जीतने के इरादे से लड़ा जाएगा.
सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर कांग्रेस को भरोसा
इस बीच कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी सपा के साथ गठबंधन को लेकर भरोसा जताया है. उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे की जिम्मेदारी संभाल रहे नेता आने वाले दिनों में बैठक करेंगे और दोनों दलों के बीच अच्छा समझौता होगा.
सुप्रिया श्रीनेत के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में एक मजबूत गठबंधन चुनाव मैदान में उतरेगा और सरकार बनाएगा. उनके इस बयान से साफ है कि कांग्रेस आगामी चुनाव में सपा के साथ मिलकर बीजेपी को चुनौती देने की तैयारी में है.
2022 में अलग-अलग लड़े, 2024 में गठबंधन ने बदली तस्वीर
सपा और कांग्रेस के लिए 2027 का चुनाव इसलिए भी अहम है, क्योंकि पिछले चुनावों के आंकड़े दोनों दलों के सामने अलग-अलग तस्वीर पेश करते हैं.
2022 विधानसभा चुनाव: दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था. सपा ने 347 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और 111 सीटों पर जीत दर्ज की. वहीं कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन उसे महज 2 सीटों पर ही सफलता मिली.
2024 लोकसभा चुनाव: INDIA गठबंधन के तहत दोनों दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा और नतीजे काफी बेहतर रहे. सपा ने 62 सीटों पर चुनाव लड़कर 37 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 17 सीटों में से 6 पर जीत हासिल की.
इन आंकड़ों ने दोनों दलों को गठबंधन की ताकत का एहसास कराया है. अब यही राजनीतिक समझ 2027 के विधानसभा चुनाव में कितनी कारगर साबित होती है, यह सीट बंटवारे और चुनावी रणनीति पर निर्भर करेगा.
बीजेपी बनाम सपा की लड़ाई में कांग्रेस की कितनी होगी भूमिका?
उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर 2027 में होने वाला चुनाव बीजेपी और सपा के बीच एक बड़े राजनीतिक मुकाबले के रूप में देखा जा रहा है. हालांकि, कांग्रेस भी इस बार अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस पाने और संगठन को मजबूत करने की कोशिश में जुटी है.
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा किस फॉर्मूले पर होगा. क्या 2024 लोकसभा चुनाव वाला तालमेल विधानसभा चुनाव में भी दोहराया जा सकेगा? दिल्ली में होने वाली दो दिवसीय बैठक से इस सवाल के जवाब की दिशा तय हो सकती है.
यह भी पढ़ें- PM मोदी की अपील का दिखा असर? 7 महीने में 40% घटा भारत का सोना आयात, 16.46 अरब डॉलर की बचत
यह भी पढ़ें- शादी में देरी के पीछे कहीं शनि की दृष्टि तो नहीं? जानिए कुंडली के कौन से योग बनाते हैं बाधा


