रंगमंच की दुनिया में दिलचस्पी रखने वालों के लिए असम से एक खास खबर सामने आई है. यहां चार दिनों तक थिएटर, कला और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. असम के बारपेटा में 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक 32वें नेशनल रंगघर थिएटर फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा. इस बार महोत्सव की खास बात यह है कि इसमें दिग्गज अभिनेता रघुबीर यादव अपने नाटक ‘पियानो’ के साथ दर्शकों के सामने होंगे. वहीं, कोलंबिया की मशहूर थिएटर टीम Teatro La Mascara भी अपनी प्रस्तुति से अंतरराष्ट्रीय रंगमंच की झलक दिखाएगी.
इस चार दिवसीय महोत्सव का आयोजन रंगघर, बारपेटा की ओर से जिला पुस्तकालय सभागार में किया जा रहा है. इस साल का थिएटर फेस्टिवल दिवंगत दिग्गज कलाकार जुबीन गर्ग की स्मृति को समर्पित रहेगा.
कोलंबिया की थिएटर टीम करेगी महोत्सव का आगाज
महोत्सव की शुरुआत 28 नवंबर को कोलंबिया के कैली शहर की थिएटर टीम Teatro La Mascara की प्रस्तुति ‘The Bandit Queens’ से होगी. विदेशी थिएटर समूह की यह प्रस्तुति इस साल के आयोजन को अंतरराष्ट्रीय पहचान देगी. इसके जरिए दर्शकों को भारतीय रंगमंच के साथ विदेशी नाट्य परंपरा को करीब से देखने का मौका मिलेगा.
रघुबीर यादव के ‘पियानो’ से होगा समापन
इस महोत्सव का सबसे खास आकर्षण 1 दिसंबर को होने वाला समापन समारोह होगा. इस दिन मुंबई की RYRA Arts Pvt. Ltd. की ओर से नाटक ‘Piano’ का मंचन किया जाएगा.
इस नाटक की परिकल्पना, नाट्य रूपांतरण और निर्देशन दिग्गज अभिनेता रघुबीर यादव ने किया है. खास बात यह है कि रघुबीर यादव खुद भी इस प्रस्तुति में अभिनय करेंगे. बॉलीवुड और टेलीविजन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता को रंगमंच पर लाइव देखना दर्शकों के लिए खास अनुभव होगा.
देशभर के कलाकार दिखाएंगे अपनी प्रतिभा
चार दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में सिर्फ विदेशी और मुंबई की प्रस्तुतियां ही नहीं होंगी, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आए थिएटर समूह भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे. असम के अलावा कोलकाता, भुवनेश्वर, दीमापुर, मुंबई और अन्य शहरों के कलाकार इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे.
इससे महोत्सव में अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और नाट्य शैलियों की झलक देखने को मिलेगी.
जुबीन गर्ग की स्मृति को समर्पित होगा आयोजन
इस बार नेशनल रंगघर थिएटर फेस्टिवल को असम के दिग्गज कलाकार जुबीन गर्ग की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है. आयोजन का समापन समारोह भी खास रहने वाला है. इसमें असम के शिक्षा मंत्री रानोज पेगू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. वहीं, बारपेटा के सांसद फणी भूषण चौधरी और विधायक दीपक कुमार दास विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे.
यह भी पढ़ें- बॉबी देओल के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी, ‘आश्रम 4’ की शूटिंग हुई पूरी, अब बाबा निराला की वापसी का इंतजार
यह भी पढ़ें- रेलवे के लिए बड़ा काम करेगी RVNL, 348 करोड़ में होगा इस वर्कशॉप का विस्तार, दोगुनी होगी वैगनों की ओवरहॉलिंग क्षमता


