बाबा निराला एक बार फिर अपने साम्राज्य के साथ पर्दे पर लौटने की तैयारी में हैं. बॉबी देओल की चर्चित वेब सीरीज ‘एक बदनाम… आश्रम’ के चौथे सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. सीरीज की शूटिंग आधिकारिक तौर पर पूरी हो गई है. मेकर्स ने सोशल मीडिया पर ‘इट्स अ रैप’ का ऐलान करते हुए सेट की एक तस्वीर साझा की है. हालांकि, अभी तक इसकी रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया गया है.
बॉबी देओल और प्रकाश झा ने शेयर की तस्वीर
प्रकाश झा प्रोडक्शंस और अभिनेता बॉबी देओल ने संयुक्त इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए शूटिंग पूरी होने की जानकारी दी. शेयर की गई तस्वीर में निर्देशक प्रकाश झा, बॉबी देओल और सीरीज की पूरी टीम नजर आ रही है. तस्वीर पर ‘इट्स अ रैप’ के साथ ‘एक बदनाम… आश्रम सीजन 4’ लिखा हुआ है.
मेकर्स ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “और आश्रम सीजन 4 की शूटिंग पूरी हुई! यह सफर जुनून, टीमवर्क और कभी न भूलने वाली यादों से भरा रहा. हर फ्रेम के पीछे काम करने वाली शानदार टीम के नाम.”
इस पोस्ट में चंदन रॉय सान्याल, अदिति पोहनकर, त्रिधा चौधरी, परिणीता सेठ, सचिन श्रॉफ और अक्षय ओबेरॉय समेत सीरीज से जुड़े कई कलाकारों और क्रू सदस्यों को भी टैग किया गया है.
फिर दिखेगा बाबा निराला का काला साम्राज्य
निर्देशक प्रकाश झा की इस सीरीज में बॉबी देओल बाबा निराला के किरदार में नजर आते हैं. एक ऐसे स्वयंभू धर्मगुरु की कहानी, जो आस्था की आड़ में अपना विशाल साम्राज्य खड़ा करता है. सत्ता, अपराध और अंधविश्वास के गठजोड़ के जरिए वह लोगों पर अपना प्रभाव जमाता है.
सीरीज के पिछले सीजनों में बाबा निराला के साम्राज्य के पीछे छिपे काले सच, उसके राजनीतिक संबंधों और भक्तों के शोषण की कहानी दिखाई गई है. यही वजह है कि चौथे सीजन को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है.
कब रिलीज होगा ‘आश्रम 4’?
शूटिंग पूरी होने के बाद अब दर्शकों की नजरें इसकी रिलीज पर टिकी हैं. ‘एक बदनाम… आश्रम’ सीजन 4 MX Player पर प्राइम वीडियो के जरिए स्ट्रीम होगा. हालांकि, मेकर्स ने अभी रिलीज की तारीख घोषित नहीं की है.
अब देखना दिलचस्प होगा कि नए सीजन में बाबा निराला के साम्राज्य के कौन-से राज खुलेंगे और बॉबी देओल का यह चर्चित किरदार दर्शकों को किस नए अंदाज में देखने को मिलेगा.
यह भी पढ़ें- रेलवे के लिए बड़ा काम करेगी RVNL, 348 करोड़ में होगा इस वर्कशॉप का विस्तार, दोगुनी होगी वैगनों की ओवरहॉलिंग क्षमता


