Aaj Ka Mausam: देशभर में इन दिनों मौसम का मिजाज काफी अस्थिर बना हुआ है. एक ओर कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी है, तो दूसरी ओर कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. ताजा अपडेट के मुताबिक, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने देश के 11 से ज्यादा राज्यों में तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इन राज्यों में जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, असम, केरल, त्रिपुरा और नगालैंड शामिल हैं, जहां 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. वहीं दूसरी तरफ राजस्थान, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 13 और 14 अप्रैल को लू का अलर्ट जारी किया गया है.
अगर राजधानी दिल्ली और एनसीआर की बात करें, तो 13 अप्रैल को सुबह के समय तेज हवाएं चलने का अनुमान है. हालांकि दिन चढ़ने के साथ तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जिससे दोपहर में गर्मी का असर महसूस होगा.
दिल्ली से ऋषिकेश तक 2.5 घंटे में! मेरठ-हरिद्वार-ऋषिकेश रैपिड रेल कॉरिडोर का प्रस्ताव तेज
राजस्थान में इस समय गर्मी अपने तीखे तेवर दिखा रही है. मौसम विभाग ने साफ किया है कि 13 अप्रैल को राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है. इसके विपरीत जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर, अजमेर, भरतपुर, चूरू, हनुमानगढ़, सीकर और बूंदी में भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी दी गई है.
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने वाला है. 13 अप्रैल को पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिमी इलाकों में लू का असर देखने को मिलेगा. लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज, नोएडा, मथुरा, कानपुर, गाजीपुर, मेरठ और मुजफ्फरनगर में गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
मध्य प्रदेश में 13 अप्रैल को बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन गर्मी का असर लगातार बढ़ेगा. भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, रीवा और सतना सहित कई जिलों में तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी.
बिहार में भी भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और सहरसा सहित कई जिलों में गर्मी को लेकर चेतावनी दी गई है.
पहाड़ी राज्यों में मौसम का अलग ही रूप देखने को मिल रहा है. हिमाचल प्रदेश के मनाली में न्यूनतम तापमान माइनस 4 डिग्री तक जा सकता है, जबकि शिमला, कुल्लू और चंबा में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी है.
इसी तरह उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों—जैसे उत्तरकाशी, चमोली और नैनीताल—में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है.
पूर्वी भारत के पश्चिम बंगाल में 13 अप्रैल को आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है. दार्जिलिंग, मालदा और मुर्शिदाबाद जैसे जिलों में मौसम खराब रहने की आशंका है.
उत्तरी भारत के पंजाब और हरियाणा में भी 13 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं जम्मू और कश्मीर में श्रीनगर, पुलवामा और अनंतनाग समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी है.
इस्लामाबाद वार्ता फेल! 21 घंटे की मशक्कत बेकार, अमेरिका-ईरान टकराव बरकरार, पाकिस्तान को लगा झटका
दक्षिण भारत के तमिलनाडु में 13 से 17 अप्रैल के बीच मौसम मिला-जुला रहेगा. कन्याकुमारी और तिरुनेलवेली में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क और गर्म रहेगा. आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है.
देशभर में मौसम का यह दोहरा रूप लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण बना हुआ है. कहीं आंधी-बारिश और तेज हवाएं तो कहीं लू और भीषण गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है.


