Aaj Ka Mausam 12 March: देश में लगातार बढ़ते तापमान और तेज गर्मी के बीच मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार 14 से 16 मार्च के बीच उत्तर भारत में एक नया मौसमी तंत्र सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और मेघ गर्जन के साथ धूल भरी आंधी और बारिश दर्ज की जा सकती है. इससे बढ़ती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
फिलहाल अगले तीन दिनों तक पहाड़ी इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचे क्षेत्रों में दिखाई देगा. इन इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी और तेज ठंडी हवाएं चलने की संभावना है. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का भी खतरा जताया गया है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम अधिकतर शुष्क बना रहेगा.
यूपी में आबू धाबी और शिकागो जैसा बसेगा नया शहर, 80 गांवों की जमीनें बनी सोना!
स्काईमेट के अनुसार अगले 72 घंटों के दौरान ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, विदर्भ और बिहार में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं मौसम विभाग ने कई राज्यों में लू (हीटवेव) को लेकर भी चेतावनी जारी की है.
मुंबई का मौसम
महाराष्ट्र में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और गर्मी अपने चरम की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है. कई जिलों में मार्च के महीने में ही तापमान सामान्य से कई डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है. खासकर मुंबई में लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, जहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है और जल्द ही हीटवेव का अलर्ट जारी किया जा सकता है. हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में अगले सप्ताह हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है.
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी हो रही है. सुबह से ही तेज धूप के चलते दिन काफी गर्म महसूस हो रहा है, हालांकि रात के समय मौसम अभी भी कुछ हद तक सुहावना बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री और अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो मार्च के औसत से ज्यादा है. जल्द ही हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया जा सकता है.
इस बीच आसमान में आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना भी जताई गई है और 15 मार्च के आसपास हल्की बारिश होने की उम्मीद है. वहीं प्रदूषण की स्थिति अभी चिंताजनक बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 260 से ऊपर है, जो खराब श्रेणी में आता है. नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी इसी तरह की स्थिति रहने का अनुमान है.
राजस्थान में लू का अलर्ट
राजस्थान में मार्च के महीने में ही तेज गर्मी लोगों को परेशान करने लगी है. जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जो सामान्य से 4 से 10 डिग्री अधिक है. बाड़मेर में 40.6 डिग्री और झुंझुनूं के पिलानी में 39.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
अगले तीन से चार दिनों तक मौसम शुष्क रहने और कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है. हालांकि 12 मार्च के आसपास बादलों की हल्की आवाजाही से तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है. वहीं 14 और 15 मार्च को नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है.
बिहार में बारिश-आंधी का पूर्वानुमान
बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिला है. कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और आंधी-बारिश की संभावना जताई जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार 13 मार्च तक पटना, गया, पूर्णिया, भागलपुर, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, कटिहार, सुपौल, सीतामढ़ी, शिवहर, समस्तीपुर, मधुबनी, जमुई, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, बांका और अररिया जैसे जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान तेज गरज-चमक के साथ बारिश और ठनका गिरने की भी आशंका है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
यूपी का मौसम कैसा है
उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच सुबह के समय कोहरे की स्थिति देखने को मिल रही है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो रही है. हालांकि दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लू जैसा एहसास हो रहा है. राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे अधिक दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च से मौसम में बदलाव की संभावना है और कुछ स्थानों पर आंधी-बारिश हो सकती है. इससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
पेट्रोल-डीजल और LPG को लेकर अपडेट, जानें बढ़ेंगी कीमतें या नहीं? सरकार ने साफ किया रुख
पंजाब-हरियाणा का मौसम
पंजाब और हरियाणा में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है और हीटवेव के संकेत मिलने लगे हैं. दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़, पटियाला, लुधियाना, फरीदकोट, अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर और बठिंडा समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है. हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम, नूंह, अंबाला, करनाल, भिवानी, नारनौल और जींद में भी तापमान 30 से 35 डिग्री के बीच बना हुआ है. 15 मार्च से आंधी-बारिश के कारण तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना है.
उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले दो दिनों से मौसम बदला हुआ है. कई जिलों में आसमान बादलों से ढका हुआ है. मौसम विभाग ने अगले 48 से 72 घंटों के दौरान रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है. गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ में बर्फबारी जारी है, जिससे वहां तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है और ठंड का असर महसूस किया जा रहा है.
हिमाचल प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम लगातार बदल रहा है. पिछले 24 घंटों के दौरान कई ऊंचे क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश-बर्फबारी दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने बारालाचा, शिंकुला, रोहतांग दर्रा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, मंडी, चंबा, किन्नौर और कांगड़ा में बर्फबारी और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान जताया है.
जम्मू-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और हल्की बारिश दर्ज की जा रही है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आई है. मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 मार्च को एक बार फिर मौसम बदल सकता है और कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है.
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. 11 से 16 मार्च के बीच सिक्किम, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने का खतरा रहेगा. दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों और महाराष्ट्र में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने से लू चलने का खतरा बना हुआ है.
हीटवेव क्या है
मार्च की शुरुआत से ही देश के कई हिस्सों में तापमान बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में हीटवेव तब मानी जाती है जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो और यह सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री ज्यादा हो. तटीय क्षेत्रों में यह सीमा 37 डिग्री और पहाड़ी इलाकों में 30 डिग्री सेल्सियस मानी जाती है. हीटवेव के दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है.
गर्मी कहां पड़ रही
देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. हालांकि हिमालयी राज्यों में बर्फबारी के कारण मौसम ठंडा है, लेकिन उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी बढ़ने लगी है. दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई हिस्सों में गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है.
दिल्ली से जेवर एयरपोर्ट तक सफर होगा आसान! यूपी में बनेगा 30 KM लंबा 6 लेन एलिवेटेड एक्सप्रेसवे
सनबर्न क्या होता है
गर्मी के मौसम में सनबर्न का खतरा बढ़ जाता है. चिकित्सकीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है. यह तब होता है जब त्वचा लंबे समय तक सूर्य की तेज पराबैंगनी (यूवी) किरणों के संपर्क में रहती है. इसके कारण त्वचा में जलन, लालिमा, सूजन और छाले जैसी समस्या हो सकती है. कई मामलों में त्वचा का रंग भी गहरा हो जाता है और दर्द महसूस होता है. इसलिए गर्मियों में धूप से बचाव करना जरूरी माना जाता है.


