UP News: उत्तर प्रदेश में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए एक बड़ी परियोजना पर काम शुरू होने जा रहा है. उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) यमुना तटबंध के साथ सेक्टर-94 से करीब 30 किलोमीटर लंबा छह लेन का एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी कर रही है. इस एक्सप्रेसवे के बनने से दिल्ली से जेवर में बन रहे नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा तक पहुंचना बेहद तेज और आसान हो जाएगा.
यूपी में आबू धाबी और शिकागो जैसा बसेगा नया शहर, 80 गांवों की जमीनें बनी सोना!
लाखों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह एलिवेटेड एक्सप्रेसवे दिल्ली बॉर्डर से शुरू होकर सीधे यमुना एक्सप्रेस वे से जुड़ेगा. इससे राजधानी से एयरपोर्ट तक सीधी और फास्ट कनेक्टिविटी मिल सकेगी, जिससे यात्रियों को काफी समय की बचत होगी. यह एलिवेटेड रोड ओखला बैराज से हरनंदी और यमुना तटबंध के साथ होते हुए गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के सामने घरबरा गांव के रास्ते यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा. इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा.
इस परियोजना के तहत छह लेन का एलिवेटेड मार्ग बनाया जाएगा और यातायात को सुचारु रखने के लिए तीन जगह लूप भी तैयार किए जाएंगे. पहला लूप सेक्टर-168 में फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद एक्सप्रेसवे (एफएनजी) मार्ग से जोड़ेगा. दूसरा लूप सेक्टर-150 में सेक्टर-149ए और सेक्टर-150 के बीच 75 मीटर चौड़ी सड़क से कनेक्ट करेगा, जबकि तीसरा लूप ग्रेटर नोएडा के परी चौक से जुड़ाव सुनिश्चित करेगा.
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की लागत नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण मिलकर वहन करेंगे. शुरुआत में इसके निर्माण की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को देने पर विचार किया गया था, लेकिन बाद में निर्णय लिया गया कि इसका निर्माण यूपीडा ही कराएगा.
इंतजार खत्म! इस दिन आएगी करोड़ों किसानों के खाते में पीएम किसान की 22वीं किस्त
बताया जा रहा है कि इस परियोजना का करीब 23 किलोमीटर हिस्सा नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में आएगा, जो इसका सबसे बड़ा भाग होगा. दरअसल, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यह एलिवेटेड लिंक रोड बेहद अहम मानी जा रही है. इसके बनने से मौजूदा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक कम होगा और दिल्ली से जेवर एयरपोर्ट तक सफर पहले से कहीं ज्यादा तेज और आरामदायक हो जाएगा.


