Aaj Ka Mausam: गर्मी के मौसम के बावजूद इस समय देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम बदला हुआ नजर आ रहा है. उत्तर से लेकर दक्षिण और पश्चिम से लेकर पूर्वोत्तर तक कई राज्यों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं. इससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को लू जैसी स्थिति से फिलहाल राहत मिली है. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में जल्द ही मौसम साफ होने लगेगा, जिसके बाद तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. इन क्षेत्रों में हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है, लेकिन व्यापक या तेज बारिश की संभावना कम है. इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और ओले पड़ने की आशंका भी जताई गई है.
बंगाल चुनाव में CEC से बहस करने वाले IAS कौन? जानिए अनुराग यादव का पूरा प्रोफाइल
वहीं पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने के बावजूद मौसम की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है.
दक्षिण भारत में चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव के चलते केरल, कर्नाटक, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश हो सकती है. उधर पूर्वोत्तर भारत में शुक्रवार और शनिवार तक मौसम खराब रहने का अनुमान है, जहां 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं और बारिश की संभावना जताई गई है.
बिहार में मौसम का हाल
बिहार के कई जिलों में अगले कुछ घंटों तक मौसम खराब रह सकता है. मौसम विभाग ने बताया है कि राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. खासतौर पर अररिया, किशनगंज, मधुबनी और सुपौल जिलों में आंधी के साथ बारिश की संभावना है. इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और ओले पड़ने का भी खतरा बना हुआ है. हालांकि शुक्रवार से मौसम साफ होने की संभावना है, जिसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है.
मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, लेकिन यह स्थिति ज्यादा समय तक नहीं रहने वाली. शुक्रवार के बाद अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ होने और तापमान बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल मौसम सुहावना बना हुआ है. दिन के समय धूप और बादलों का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है, जिससे तापमान नियंत्रित है और लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है. कई इलाकों में लोग अभी पंखों का इस्तेमाल भी कम कर रहे हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक यहां आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन तेज बारिश की संभावना नहीं है. न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसमी गतिविधियों के चलते हवा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है, जिससे प्रदूषण के स्तर में कमी आई है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में माना जाता है.
राजस्थान का मौसम
राजस्थान में पिछले सप्ताह से मौसम का बदला हुआ रुख अभी भी जारी है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार अगले सप्ताह राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि 11 अप्रैल से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर बीकानेर संभाग समेत कुछ क्षेत्रों में दिखाई दे सकता है. इसके चलते आंशिक बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की गतिविधियां संभव हैं. मौसम साफ होने के बाद अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है. तापमान में कमी आने से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है और कई जगह सुबह हल्की ठंडक भी महसूस हो रही है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक राज्य के अधिकांश जिलों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं. कई जिलों में बेमौसम बारिश और ओले गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है.
उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी
उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम सक्रिय बना हुआ है. ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है. केदारनाथ धाम के आसपास हाल ही में हुई बर्फबारी के कारण ठंडक महसूस की जा रही है.
हिमाचल प्रदेश में खराब मौसम का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 24 घंटों में बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी की संभावना है. शिमला, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम खराब रह सकता है. कुछ क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी जताया गया है. इसके साथ ही तेज अंधड़ और ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है. जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भी बारिश और बर्फबारी के कारण ठंड का एहसास बना हुआ है.
पूर्वोत्तर भारत में तूफानी मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव बना रहेगा. ओडिशा, सिक्किम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ मध्यम से तेज बारिश, बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर ओले पड़ने की भी संभावना है.
मथुरा में बनेगी भव्य ‘हेरिटेज सिटी’, 6210 करोड़ की परियोजना से बदलेगा पर्यटन और आस्था का स्वरूप
केरल और दक्षिण भारत में बारिश का असर
दक्षिण भारत में अगले तीन से चार दिनों तक चक्रवाती परिसंचरण का असर बना रहने की संभावना है. इसके चलते तटीय क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है.
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बारिश हो सकती है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. हालांकि अन्य क्षेत्रों में तापमान बढ़ने के साथ मौसम धीरे-धीरे गर्मी की ओर बढ़ सकता है.


