मुंबई: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) को लेकर एक भावुक कर देने वाला ब्लॉग लिखा है. उन्होंने शो में आने वाले कुछ कंटेस्टेंट्स की निजी जिंदगी की दर्दनाक कहानियों का जिक्र करते हुए कहा कि कई बार उनकी कहानी सुनना इतना दिल तोड़ने वाला होता है कि उनके लिए शो को आगे होस्ट करना भी मुश्किल हो जाता है.
यह भी पढ़ें- महादेव की नगरी में लौटेगी पुरानी रौनक! 119 पार्क चमकेंगे, हेरिटेज गलियां संवरेंगी… नए रंग में दिखेगी काशी
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा कि कुछ प्रतियोगी अपने साथ ऐसी गंभीर निजी कहानियां लेकर आते हैं कि उनके प्रति भावनाओं को संभालना और साथ ही शो की मेजबानी जारी रखना कठिन हो जाता है. उन्होंने इसे अपने लिए ‘दिल तोड़ देने वाला अनुभव’ बताया.
कुछ कहानियां दिल तोड़ देती हैं
अमिताभ ने लिखा कि कुछ प्रतियोगी ऐसी गंभीर निजी कहानियों के साथ आते हैं कि न केवल उनके लिए हमारी भावनाओं को संभालना, बल्कि शो को होस्ट करना जारी रखना भी मुश्किल हो जाता है. उन्होंने आगे संकेत दिया कि वह इस बारे में ज्यादा खुलासा नहीं कर सकते, क्योंकि इससे चैनल के साथ उनके काम से जुड़ी कुछ बातें सार्वजनिक हो सकती हैं. हालांकि, उनकी भावुक टिप्पणी ने फैंस के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
KBC सिर्फ क्विज शो नहीं, लोगों की जिंदगी का हिस्सा
‘कौन बनेगा करोड़पति’ सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे Sony Entertainment Television पर प्रसारित होता है. यह शो ब्रिटिश क्विज शो Who Wants to Be a Millionaire? के भारतीय संस्करण के तौर पर शुरू हुआ था. KBC अमिताभ बच्चन के टेलीविजन करियर का भी अहम पड़ाव रहा. शो के जरिए उन्होंने टीवी पर अपनी शुरुआत की और समय के साथ KBC घर-घर में पहचान बनाने वाला कार्यक्रम बन गया.
यह भी पढ़ें- बरेली में बनेगी ‘सप्तनाथ इको सिटी’, द्वार पर दिखेगा त्रिनेत्र-त्रिशूल, 267 हेक्टेयर में बदलेगी शहर की तस्वीर
कंटेस्टेंट्स की संघर्ष भरी कहानियां, अमिताभ बच्चन का अंदाज और उनका मशहूर डायलॉग “लॉक किया जाए” शो की पहचान बन चुके हैं. ऐसे में अमिताभ का यह भावुक नोट सामने आने के बाद फैंस अब जानना चाहते हैं कि आखिर किन कहानियों ने उन्हें इतना भावुक कर दिया.


