मुंबई: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर अपने चहेते शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के मंच पर लौट आए हैं. सेहत के चलते कुछ समय के लिए काम और सोशल मीडिया से दूरी बनाने के बाद बिग बी की वापसी ने उनके चाहने वालों को राहत दी है. नए प्रोमो में अमिताभ बच्चन पहले की तरह जोश, मुस्कान और अपने खास अंदाज में दर्शकों का स्वागत करते नजर आ रहे हैं.
KBC के नए प्रोमो में अमिताभ बच्चन दिवाली की खुशियां साझा करते हुए दिखाई दिए. उन्होंने दर्शकों से कहा, “आप सबकी दिवाली बड़ी शानदार रही होगी. हमने भी अपनों के साथ दिवाली मनाई. लेकिन हमारा एक और घर भी तो है, KBC का मंच.” उनके इस अंदाज ने शो के मंच से उनके खास जुड़ाव को एक बार फिर जाहिर कर दिया.
कंटेस्टेंट ने पूछा सेहत का हाल, बिग बी ने दिया दिल छू लेने वाला जवाब
प्रोमो में एक कंटेस्टेंट अमिताभ बच्चन से उनकी सेहत के बारे में सवाल करता है. इस पर बिग बी ने मुस्कुराते हुए कहा, “आप ठीक हैं तो हम भी ठीक हैं. आप सबके प्यार, दुआओं और आशीर्वाद से हम यहां फिर से हाजिर हैं. उसी जोश, उसी मुस्कान और बिल्कुल नए एपिसोड्स के साथ.”
उनका यह जवाब सुनकर फैंस के चेहरे पर भी खुशी आ गई. लंबे समय से उनकी सेहत को लेकर चिंतित प्रशंसकों के लिए यह वापसी किसी खुशखबरी से कम नहीं है.
डॉक्टरों की सलाह पर लिया था आराम, ब्लॉग पर दी थी जानकारी
दरअसल, अक्टूबर में अमिताभ बच्चन ने अपनी सेहत और रिकवरी को प्राथमिकता देते हुए कुछ समय के लिए सोशल मीडिया और ब्लॉग पर लिखना बंद कर दिया था. उन्होंने अपने टम्बलर ब्लॉग पर बताया था कि शरीर को अभी और आराम की जरूरत है.
इससे पहले दशहरे के मौके पर भी उन्होंने प्रशंसकों को शुभकामनाएं देते हुए बताया था कि डॉक्टरों ने उन्हें सख्त आराम करने की सलाह दी है. उन्होंने फैंस से कुछ समय तक ऑनलाइन संवाद न कर पाने के लिए माफी भी मांगी थी.
जलसा के बाहर बढ़ाई गई थी सुरक्षा
अमिताभ बच्चन की वापसी के बीच उनके मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी चर्चा में रही. 1 नवंबर को अपने पारंपरिक संडे फैन मीट के दौरान बिग बी पारदर्शी सुरक्षा घेरे के अंदर खड़े होकर प्रशंसकों का अभिवादन करते नजर आए थे. इस दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी मौजूद थे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्टूबर में मुंबई पुलिस को अमिताभ बच्चन के बंगले को निशाना बनाकर भेजे गए बम धमकी वाले ईमेल की जानकारी मिली थी. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी. अब KBC के मंच पर बिग बी की वापसी से उनके प्रशंसकों में उत्साह है और सभी उन्हें उसी पुराने अंदाज में देखकर खुश हैं.
यह भी पढ़ें- महाकाल के दरबार में पहुंचे क्रिकेटर सुरेश रैना, भस्म आरती में हुए शामिल, बोले- यहां से हर बार एक अलग इंसान बनकर लौटता हूं
यह भी पढ़ें- बेंगलुरु से गोवा पहुंचना होगा आसान, PM मोदी ने शुरू की नई वंदे भारत ट्रेन, कर्नाटक के तटीय इलाकों को भी मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी


