Diljit Dosanjh Indore Concert: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का 15 नवंबर को इंदौर में होने वाला कॉन्सर्ट इन दिनों चर्चा में है. सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते कार्यक्रम रद्द होने की अटकलों के बीच दिलजीत ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर लाइव आकर फैंस को बड़ी राहत दी. उन्होंने साफ कर दिया कि वह तय तारीख पर इंदौर पहुंचेंगे और वहां परफॉर्म भी करेंगे.
अपने खास मजाकिया अंदाज में दिलजीत ने कॉन्सर्ट रद्द होने की खबरें चलाने वाले न्यूज चैनलों पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि खबरों में अपने हिसाब से ‘मसाला’ जोड़ा जा रहा है. दिलजीत ने फैंस से अपील की कि वे उनकी बात पर भरोसा रखें.
101 प्रतिशत इंदौर आ रहे हैं, पहले पोहा खाएंगे
इंस्टाग्राम लाइव के दौरान दिलजीत ने कहा, “15 तारीख को इंदौर आ रहे हैं, 101 प्रतिशत आ रहे हैं! सबसे पहले आकर पोहा खाएंगे, फिर एनर्जी लेकर फिर चक दे फट्टे. कोई जो मर्जी बोले, मैं 15 तारीख को जरूर मिलूंगा. आप बस मेरी बात पर विश्वास रखो.”
कॉन्सर्ट में गानों को लेकर भी जारी हुए निर्देश
दिलजीत का इंदौर कॉन्सर्ट सिर्फ रद्द होने की अफवाहों के कारण ही नहीं, बल्कि गानों को लेकर जारी निर्देशों की वजह से भी सुर्खियों में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, आयोजकों और कार्यक्रम स्थल के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि कॉन्सर्ट में ऐसे गाने न गाए जाएं, जो बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं.
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी रजनीश सिन्हा ने बताया कि 15 नवंबर को ट्वेंटी वन बिजनेस पार्क में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट प्रस्तावित है. उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ से नशीले पदार्थों, नशे और हथियारों का महिमामंडन करने वाले गानों को लेकर पत्र मिला था.
सिन्हा के मुताबिक, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में आयोजकों को पत्र लिखकर ऐसे गाने प्रस्तुत नहीं करने को कहा गया है, क्योंकि इनका बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है.
दिल्ली में ऑरा टूर की शानदार शुरुआत
इससे पहले 30 अक्टूबर को दिलजीत दोसांझ ने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अपने ऑरा टूर के भारतीय चरण की शुरुआत की थी. इस शो में बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे. दिलजीत ने ‘G.O.A.T.’, ‘इक्क कुड़ी’, ‘ललकारा’, ‘इश्क दी बाजियां’, ‘नैना’, ‘किन्नी किन्नी’, ‘केस’, ‘पंजतारा’, ‘हस हस’ और ‘वॉटर’ जैसे अपने लोकप्रिय गानों से दर्शकों का मनोरंजन किया.
शाम के सबसे खास पलों में से एक ‘सांसों की माला’ की प्रस्तुति रही, जिस पर दर्शकों ने जमकर उत्साह दिखाया. अब इंदौर के फैंस को 15 नवंबर को दिलजीत के लाइव परफॉर्मेंस का इंतजार है.
यह भी पढ़ें- Aadhaar Update: अब घर बैठे बदल सकेंगे आधार कार्ड में मोबाइल नंबर, UIDAI ऐप से करें आवेदन


