Sonia Gandhi Telugu Movie: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की जिंदगी और राजनीतिक सफर अब बड़े पर्दे पर दिखाई देगा. तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (TPCC) के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने गुरुवार को घोषणा की कि सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ पर तेलुगु फीचर फिल्म बनाई जाएगी. फिल्म में उनके निजी जीवन से लेकर भारतीय राजनीति में उनके योगदान तक के कई अहम पहलुओं को दिखाया जाएगा.
संगारेड्डी में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान जग्गा रेड्डी ने इस फिल्म की जानकारी दी. उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से फिल्म निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग करने की अपील की. इस दौरान विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस संयोजक जुलकांति अंजनेयुलु ने फिल्म के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की.
फिल्म निर्माण के लिए बनेगी 50 सदस्यीय समिति
जग्गा रेड्डी ने फिल्म निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए 50 सदस्यीय समिति गठित करने का सुझाव दिया. उन्होंने बताया कि फिल्म से जुड़ी तैयारियों की निगरानी गांधी भवन के जनसंपर्क अधिकारी हरिप्रसाद करेंगे.
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से फिल्म के लिए बजट जुटाने और एक अच्छे निर्देशक का चयन करने की अपील की. जग्गा रेड्डी ने कहा कि जैसे चुनाव के दौरान पार्टी के लिए खर्च किया जाता है, उसी तरह इस फिल्म को भी एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मानकर सहयोग करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि तैयारियां पूरी होने के बाद तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और TPCC अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ को फिल्म की शूटिंग शुरू कराने के लिए आमंत्रित किया जाएगा.
इंदिरा गांधी की बहू से कांग्रेस की सबसे प्रभावशाली नेताओं तक का सफर
जग्गा रेड्डी के मुताबिक, फिल्म में सोनिया गांधी के जीवन के अलग-अलग दौर दिखाए जाएंगे. इसमें इंदिरा गांधी की बहू, राजीव गांधी की पत्नी और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी की मां के रूप में उनकी भूमिका को भी दर्शाया जाएगा.
फिल्म में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद परिवार पर आए दुखों, सोनिया गांधी के संघर्ष और बच्चों की परवरिश की कहानी को भी जगह दी जाएगी. इसके साथ ही भारतीय राजनीति में उनकी पहचान और कांग्रेस पार्टी में उनकी भूमिका को भी दिखाया जाएगा.
जग्गा रेड्डी ने कहा कि भारत जैसे विविध धर्मों, जातियों और भाषाओं वाले देश में सोनिया गांधी ने अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाई है.
प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले को बताया ऐतिहासिक
कांग्रेस नेता ने सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की हत्या के बाद पीवी नरसिम्हा राव प्रधानमंत्री बने थे, उस समय भी सोनिया गांधी ने इस पद की इच्छा नहीं जताई थी.
इसके बाद यूपीए सरकार बनने पर जब कांग्रेस नेताओं ने उन्हें प्रधानमंत्री बनने का आग्रह किया, तब भी उन्होंने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया और डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनने का अवसर दिया. जग्गा रेड्डी ने इस फैसले को सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन का ऐतिहासिक पड़ाव बताया.
उन्होंने मनरेगा (MGNREGS) का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना को सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी के विचारों के आधार पर आकार मिला था.
राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनते देखना चाहती हैं सोनिया: जग्गा रेड्डी
जग्गा रेड्डी ने कहा कि सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री पद का कोई आकर्षण नहीं था. उन्होंने यह भी दावा किया कि सोनिया गांधी राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनते देखना चाहती हैं.
फिलहाल फिल्म की कहानी, निर्देशक, कलाकारों और शूटिंग की तारीख को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पार्टी स्तर पर निर्माण की तैयारियां शुरू करने और बजट जुटाने की योजना बनाई जा रही है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में छठ पूजा से पहले पूर्वांचल के लोगों को बड़ी सौगात, नितिन नवीन और रेखा गुप्ता ने किया मुनक नहर घाट का उद्घाटन
यह भी पढ़ें- पीएम मोदी का दो दिवसीय कर्नाटक दौरा कल से, 15,600 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात, वंदे भारत को दिखाएंगे हरी झंडी


