दिवाली की रोशनी और जश्न के बाद देश के कई शहरों में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है. आतिशबाजी के धुएं ने हवा को जहरीला बना दिया है. राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया है। वहीं, मुंबई और लखनऊ में भी प्रदूषण को लेकर चिंता बढ़ गई है.
बढ़ते प्रदूषण के बीच बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने भी चिंता जाहिर की है. उन्होंने खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों, सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों और बेजुबान जानवरों की सेहत पर पड़ने वाले असर को लेकर लोगों से जिम्मेदारी से त्योहार मनाने की अपील की.
भूमि पेडनेकर ने कहा- त्योहार ऐसा हो, जिसमें बेजुबान भी सुरक्षित रहें
भूमि ने सोमवार सुबह इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि दिवाली रोशनी, प्यार, परिवार और नई शुरुआत का त्योहार है. लेकिन हर साल जश्न के बाद प्रदूषित हवा, पटाखों का कचरा, शोर और डरे हुए जानवरों की तस्वीर सामने आती है.
उन्होंने बताया कि पटाखों से निकलने वाले सूक्ष्म कण और दूसरे प्रदूषक पहले से खराब हवा को और नुकसान पहुंचाते हैं. इसका असर सभी पर एक जैसा नहीं पड़ता। बच्चे, बुजुर्ग, सांस की बीमारी से पीड़ित लोग और जानवर सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं.

अभिनेत्री ने लोगों से अपील की कि इस साल ऐसा विकल्प चुनें, जिससे उन लोगों और जीवों को भी त्योहार का आनंद मिल सके, जो अपनी तकलीफ बोलकर नहीं बता सकते.
रात 3 बजे तक पटाखे फोड़ने पर जताई नाराजगी
भूमि ने रात करीब 3 बजे इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने लिखा कि यह देखकर दुख होता है कि लोग देर रात तक पटाखे फोड़ रहे हैं. उनके मुताबिक, घरों में आग लगने की घटनाएं हुई हैं, AQI खतरनाक स्तर पर है और सड़कें कचरे से भरी हुई हैं. इसके बावजूद रात के 3 बजे तक तेज आवाज वाले पटाखे फोड़े जा रहे हैं. उन्होंने मुंबई पुलिस और BMC को टैग करते हुए खुले में और प्रतिबंधों के बावजूद पटाखे जलाने पर सवाल उठाए.
मुंबई के कई इलाकों में भी खराब हुई हवा
मॉनिटरिंग आंकड़ों के मुताबिक, मुंबई के खेरवाड़ी-बांद्रा ईस्ट में AQI 264 दर्ज किया गया. वहीं, सेवरी में 226, घाटकोपर में 221 और चेंबूर में 216 रहा.
अन्य इलाकों की स्थिति भी चिंताजनक रही. बायकुला में AQI 193, माइंडस्पेस-मालाड वेस्ट में 191, कांदिवली वेस्ट में 187 और वर्ली में 148 दर्ज किया गया। कुर्ला में यह आंकड़ा 96 रहा.
लखनऊ में छाई धुंध, दिल्ली-NCR में GRAP-3 के प्रतिबंध लागू
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी सुबह कई इलाकों में धुंध की मोटी परत दिखाई दी। दिवाली के बाद हवा की गुणवत्ता में आई गिरावट ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.
वहीं, वायु गुणवत्ता में और गिरावट रोकने के लिए CAQM के फैसले के बाद दिल्ली-NCR में GRAP-3 के तहत प्रतिबंध जारी हैं. इसके साथ प्रदूषण नियंत्रण के अतिरिक्त उपायों और निगरानी को तेज किया गया है। यह आपातकालीन कार्ययोजना दिल्ली के साथ हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के आसपास के जिलों में भी लागू होती है.
कितना AQI माना जाता है खतरनाक?
0-50: अच्छा
51-100: संतोषजनक
101-200: मध्यम
201-300: खराब
301-400: बेहद खराब
401-500: गंभीर
दिवाली के बाद बढ़ते प्रदूषण ने एक बार फिर पटाखों और त्योहारों के दौरान पर्यावरण की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.


