UP News: उत्तर प्रदेश के औरैया में 75 वर्षीय रामसुगर और 30 साल की रानी राजपूत की शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. दोनों की उम्र में 45 साल का अंतर है. पहले सगाई का वीडियो सामने आया और अब हल्दी की रस्म का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि नवरात्र के बाद दोनों विवाह के बंधन में बंध सकते हैं.
सहार विकासखंड के अरियारी गांव निवासी रामसुगर और औरैया शहर की रहने वाली रानी राजपूत ने परिवार और करीबियों की मौजूदगी में सगाई की रस्म पूरी की थी. इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई. अब शादी से पहले हल्दी की रस्म भी पारंपरिक तरीके से निभाई गई. ढोल-नगाड़ों के बीच परिजनों ने रामसुगर को हल्दी लगाई.
बेटी की सहेली से कैसे शुरू हुई प्रेम कहानी?
बताया जाता है कि इस कहानी की शुरुआत सोशल मीडिया पर रील बनाने के दौरान हुई. रामसुगर की बेटी राधा इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाती हैं. रानी उनकी सहेली हैं और रील बनाने के लिए अक्सर उनके घर आती थीं. इसी दौरान रामसुगर और रानी के बीच बातचीत शुरू हुई. धीरे-धीरे दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया.
पहली पत्नी की मौत के बाद अकेले थे रामसुगर
रामसुगर के मुताबिक, उनकी पहली पत्नी का सात साल पहले निधन हो गया था. उनका एक बेटा और तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है. सभी अपने-अपने परिवारों में व्यस्त हैं. पत्नी के निधन के बाद उन्हें अकेलापन महसूस होता था.
वहीं, रानी भी पहले से शादीशुदा रही हैं और उनके दो बच्चे हैं. रानी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बताया था कि उनके पहले पति उन्हें छोड़कर चले गए थे. जिंदगी के मुश्किल दौर में दोनों एक-दूसरे के करीब आए और शादी करने का निर्णय लिया.
नवरात्र के बाद शादी की तैयारी
दोनों परिवारों की सहमति से विवाह की तैयारियां की जा रही हैं. परिजनों के अनुसार, नवरात्र के बाद शुभ मुहूर्त में शादी हो सकती है. समारोह में परिवार के चुनिंदा सदस्यों और करीबी रिश्तेदारों को बुलाने की तैयारी है.
45 साल की उम्र के अंतर वाले इस रिश्ते ने औरैया में लोगों का ध्यान खींचा है. सगाई से लेकर हल्दी तक के वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. अब लोगों की नजरें दोनों की शादी पर टिकी हैं.


