मुंबई: फ्लाईदुबई फ्लाइट FZ1073 में बीच हवा में हुए हमले के दौरान यात्रियों की जान बचाने के लिए बहादुरी दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की हर तरफ तारीफ हो रही है. बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने भी पायलट के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की है.
शाहरुख खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कैप्टन स्मित मच्छार के लिए खास संदेश लिखा. उन्होंने कहा कि मुश्किल हालात में खुद की सुरक्षा को जोखिम में डालकर यात्रियों की रक्षा करना आसान नहीं होता, लेकिन कैप्टन ने ऐसा करके अपने कर्तव्य की मिसाल पेश की.
यह भी पढ़ें- आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की सैलरी में 25% बढ़ोतरी, अब हर महीने मिलेंगे 23,200 रुपये
शाहरुख ने लिखा कि कैप्टन स्मित मच्छार, जब सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब आप मजबूती से डटे रहे. मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना और दूसरों की सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालना आसान नहीं है. लेकिन आपने ऐसा ही किया और विमान में सवार लोगों की रक्षा की. आपने हमें दिखाया कि कैप्टन होने का असली मतलब क्या है. यह साहस और कर्तव्य की सच्ची मिसाल है. आपके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. देश को आप पर गर्व है.
सलमान खान ने भी किया था सलाम
इससे पहले अभिनेता सलमान खान ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की थी. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए सलमान ने कहा था कि वह इस पायलट के साथ उड़ान भरने में खुशी महसूस करेंगे.सलमान ने लिखा था, “कमाल कर दिया पायलट जी, हम सब आपको सलाम करते हैं. आपके साथ उड़ान भरना खुशी की बात होगी. वेल डन ब्रो.”
हमले के बावजूद संभाला विमान
30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट के अंदर गंभीर सुरक्षा संकट पैदा हो गया था. रिपोर्ट के मुताबिक, ओमानी सह-पायलट ने कथित तौर पर कमांडर पर चाकू से हमला किया. इस दौरान विमान तेजी से नीचे आया और करीब दो मिनट में लगभग 16 हजार फीट की ऊंचाई गंवा दी.
हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने हमलावर का सामना किया. फ्लाइट क्रू और कुछ यात्रियों ने भी कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू करने में मदद की. इसके बाद विमान पर दोबारा नियंत्रण स्थापित किया गया. विमान की सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. विमान में सवार करीब 180 लोग सुरक्षित बाहर निकल गए.
यह भी पढ़ें- हरिद्वार में 500 रुपये से कम में ठहरने के लिए सबसे साफ-सुथरे आश्रमों की सूची
परिवार को बेटे की बहादुरी पर गर्व
राजकोट में कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार ने भी उनकी बहादुरी पर गर्व जताया है. उनके चचेरे भाई पुलकित मच्छार ने ANI से बातचीत में कहा कि उनके परिवार, समुदाय और पूरे देश को स्मित के साहस और उनके द्वारा बचाई गई जिंदगियों पर गर्व है. उन्होंने कहा कि पूरा देश उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है.


