EPFO Claim Update: EPFO से जुड़ी सेवाओं को आसान बनाने की दिशा में नई पहल के तहत अप्रैल में एक नई ऐप लॉन्च होने की चर्चा है, जिसके बाद PF का पैसा UPI के जरिए निकालना और भी तेज और सरल हो सकता है. हालांकि पहले इस ऐप की संभावित लॉन्च तारीख 1 अप्रैल बताई गई थी, लेकिन फिलहाल इसके बारे में कोई आधिकारिक अपडेट सामने नहीं आया है. ऐसे में फिलहाल कर्मचारी UMANG App के जरिए अपने PF अकाउंट से आसानी से पैसा निकाल सकते हैं.
UMANG ऐप की मदद से PF क्लेम करने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको कंप्यूटर पर लॉगिन करने की जरूरत नहीं होती. मोबाइल फ्रेंडली इंटरफेस के जरिए कुछ जरूरी डिटेल्स भरकर ही आप अपना क्लेम सबमिट कर सकते हैं. इसके लिए आपके पास Employees’ Provident Fund Organisation (EPFO) पोर्टल पर रजिस्टर्ड अकाउंट और UMANG ऐप होना जरूरी है.
हालांकि क्लेम करने से पहले कुछ शर्तों को पूरा करना जरूरी होता है. सबसे पहले आपका UAN नंबर एक्टिव होना चाहिए. इसके अलावा आधार कार्ड UAN से लिंक होना अनिवार्य है और बैंक खाते की KYC अपडेट होनी चाहिए. साथ ही UMANG ऐप में आपका मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड होना भी जरूरी है, ताकि OTP के जरिए वेरिफिकेशन किया जा सके.
UMANG ऐप के जरिए PF पैसा निकालने के लिए सबसे पहले ऐप खोलें और EPFO सेक्शन में जाएं. यहां “Raise Claim” विकल्प पर क्लिक करें. इसके बाद अपना UAN नंबर दर्ज करें और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP से लॉगिन करें. लॉगिन के बाद अपने बैंक खाते की जानकारी दर्ज करें और संबंधित कंपनी की Member ID चुनकर आगे बढ़ें.
अब “I want to apply for” सेक्शन में क्लेम का प्रकार चुनना होता है. Form 31 का उपयोग नौकरी के दौरान आंशिक निकासी के लिए किया जाता है, Form 19 नौकरी छोड़ने के दो महीने बाद पूरा पैसा निकालने के लिए और Form 10C पेंशन से जुड़े दावे के लिए होता है. इसके बाद आपको निकासी का कारण बताना होता है, जैसे बीमारी, घर निर्माण या अन्य जरूरत. फिर मांगी गई राशि और अपना स्थायी पता दर्ज करें.
प्रक्रिया के अंतिम चरण में बैंक पासबुक या चेक की साफ फोटो अपलोड करनी होती है. इसके बाद आधार आधारित OTP से पहचान सत्यापित कर “Submit” पर क्लिक करें. क्लेम सबमिट होने के बाद आप UMANG ऐप में “Track Claim” विकल्प के जरिए इसकी स्थिति देख सकते हैं.
यूपी में महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल! जानिए आपके शहर में कितना महंगा हुआ तेल?
आमतौर पर PF का पैसा 7 से 15 दिनों के भीतर आपके खाते में ट्रांसफर हो जाता है. यदि किसी कारण से क्लेम अस्वीकार होता है, तो उसकी जानकारी भी इसी ट्रैकिंग सेक्शन में उपलब्ध होती है. इस तरह UMANG ऐप के जरिए PF निकालना अब पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो गया है.


