Greater Noida News: औद्योगिक विकास औरनोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए प्रदेश सरकार ने यहां एक विशाल ‘मेगा स्किल हब’ बनाने की तैयारी शुरू कर दी है. इसका मकसद साफ है, स्थानीय युवाओं को आधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षित कर उन्हें सीधे रोजगार से जोड़ना.
यह मेगा स्किल हब सिर्फ एक ट्रेनिंग सेंटर नहीं होगा, बल्कि युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने वाला अत्याधुनिक प्लेटफॉर्म बनेगा. यहां ‘हब एंड स्पोक मॉडल’ पर काम किया जाएगा, जहां मुख्य हब में हाईटेक लैब, एडवांस मशीनें और अनुभवी ट्रेनर मौजूद होंगे, जबकि जिला स्तर के छोटे स्किल सेंटर गांव और कस्बों तक इस सुविधा को पहुंचाएंगे. यानी अब छोटे शहरों के युवाओं को बड़े सपने पूरे करने के लिए दूर भटकना नहीं पड़ेगा.
यह मेगा स्किल हब ‘हब एंड स्पोक मॉडल’ पर काम करेगा. मुख्य हब में अत्याधुनिक लैब, अनुभवी ट्रेनर और एडवांस ट्रेनिंग सुविधाएं होंगी, जबकि छोटे जिला स्तरीय स्किल सेंटर स्पोक के रूप में जुड़े रहेंगे. शुरुआती प्रशिक्षण स्थानीय केंद्रों पर दिया जाएगा और एडवांस मॉड्यूल के लिए युवाओं को मुख्य हब भेजा जाएगा, जिससे दूर-दराज के छात्रों को भी समान अवसर मिल सकेंगे.
स्किल हब में भविष्य की तकनीकों और तेजी से बढ़ते क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. यहां रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिक व्हीकल मेंटेनेंस, सेमीकंडक्टर और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग जैसे कोर्स शुरू किए जाएंगे. इन पाठ्यक्रमों का डिजाइन सीधे उद्योगों की जरूरत के अनुसार तैयार किया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को आसानी से नौकरी मिल सके.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से एविएशन, लॉजिस्टिक्स, कार्गो हैंडलिंग, टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे. इसी को ध्यान में रखते हुए मेगा स्किल हब में एयरपोर्ट ऑपरेशंस और सर्विस सेक्टर से जुड़े विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे. इससे स्थानीय युवाओं को एयरपोर्ट और उससे जुड़ी कंपनियों में रोजगार पाने का सीधा लाभ मिलेगा.
50 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार
प्रदेश सरकार इस परियोजना के तहत बड़ी कंपनियों के साथ साझेदारी कर ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग और प्लेसमेंट की सुविधा उपलब्ध कराएगी. उद्योगों के सहयोग से युवाओं को वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव मिलेगा, जिससे उनकी स्किल और आत्मविश्वास दोनों बढ़ेंगे. इससे कंपनियों को प्रशिक्षित कर्मचारी मिलेंगे और युवाओं को ट्रेनिंग पूरी होते ही रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकेंगे. सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में लगभग 50 हजार युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ना है. इसके लिए ग्रेटर नोएडा में मेगा स्किल हब के लिए जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. यह परियोजना न केवल युवाओं को रोजगार दिलाने में मदद करेगी, बल्कि पूरे क्षेत्र को टेक्नोलॉजी, मैन्युफैक्चरिंग और स्किल डेवलपमेंट का बड़ा केंद्र बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगी.
aa

