Gwalior Lucknow Highway: मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच सड़क कनेक्टिविटी को बड़ी मजबूती मिली है. ग्वालियर-भिंड-इटावा NH-719 के 108 किलोमीटर लंबे हिस्से के तैयार होने से दोनों राज्यों के बीच आवागमन पहले से तेज और आसान हो गया है. अब ग्वालियर से लखनऊ की करीब 330 किलोमीटर की दूरी 5 से 5.5 घंटे में पूरी करने का दावा किया जा रहा है, जबकि पहले इस सफर में करीब 8 से 9 घंटे लगते थे.
यह हाईवे ग्वालियर से शुरू होकर भिंड होते हुए मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा तक जाता है और इटावा के रास्ते आगे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी उपलब्ध कराता है. ऐसे में ग्वालियर समेत आसपास के कई शहरों और कस्बों के लिए उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है.
यह भी पढ़ें- भुवन बाम की ‘The Revolutionaries’ के बीच ‘Hey Hanuman’ की गूंज, कैलाश खेर ने दी आवाज; रिलीज हुआ दमदार गाना
108 किलोमीटर का NH-719 तैयार
ग्वालियर से मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा तक करीब 108 किलोमीटर लंबा 2-लेन राष्ट्रीय राजमार्ग NH-719 तैयार हो चुका है. मध्य प्रदेश लोक निर्माण विभाग की ओर से भी इसके तैयार होने की पुष्टि की गई है. पहले इस मार्ग को NH-92 के नाम से जाना जाता था. हाईवे के अपग्रेड होने से ग्वालियर से भिंड और फिर इटावा के रास्ते उत्तर प्रदेश पहुंचना आसान हो गया है. सड़क की स्थिति बेहतर होने और ट्रैफिक का दबाव कम होने से यात्रियों के समय में भी काफी बचत होने की उम्मीद है.
8-9 घंटे का सफर अब 5-5.5 घंटे में
ग्वालियर से लखनऊ के बीच करीब 330 किलोमीटर की दूरी है. पहले खराब सड़क और ट्रैफिक के कारण इस सफर में 8 से 9 घंटे तक लग जाते थे. अब NH-719 और आगे एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी के चलते यह दूरी करीब 5 से 5.5 घंटे में पूरी होने का दावा किया जा रहा है. इस तरह यात्रियों को पुराने समय की तुलना में करीब 3 से 3.5 घंटे तक की बचत हो सकती है. भविष्य में इस मार्ग को 4-लेन में अपग्रेड करने की योजना भी है, जिससे सफर और तेज होने की उम्मीद है.
ग्वालियर से इटावा सिर्फ 2 घंटे में
NH-719 के अपग्रेड होने का सीधा फायदा ग्वालियर-इटावा रूट पर भी दिखाई देगा. दोनों शहरों के बीच करीब 115 किलोमीटर की दूरी है. पहले सिंगल लेन सड़क और भारी ट्रैफिक के कारण इस दूरी को तय करने में 4 से 5 घंटे तक लग जाते थे. अब 2-लेन हाईवे तैयार होने के बाद ग्वालियर से इटावा का सफर करीब 2 घंटे में पूरा होने की बात कही जा रही है.
इन शहरों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
नए हाईवे से ग्वालियर और आसपास के इलाकों की कई प्रमुख शहरों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी. इनमें ग्वालियर, भिंड, इटावा, कानपुर, आगरा, मथुरा, कोटा शामिल हैं. इसके अलावा मालनपुर, गोहद, मेहगांव और फूप जैसे स्थानीय कस्बों को भी बेहतर सड़क कनेक्टिविटी का फायदा मिलेगा.
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा रूट
NH-719 की सबसे बड़ी खासियत इसकी आगे की कनेक्टिविटी है. ग्वालियर-भिंड-इटावा मार्ग के जरिए वाहन इटावा पहुंचकर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की ओर बढ़ सकते हैं. इससे ग्वालियर से कानपुर और लखनऊ की यात्रा पहले की तुलना में आसान होगी.
ग्वालियर-भिंड-इटावा हाईवे को मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी की नई लाइफलाइन के तौर पर देखा जा रहा है. फिलहाल 2-लेन मार्ग शुरू हो चुका है और आने वाले समय में इसे 4-लेन में अपग्रेड करने की योजना है. 4-लेन बनने के बाद हाईवे की क्षमता बढ़ेगी और ग्वालियर से उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों तक पहुंचने में समय की और बचत हो सकती है. इससे दोनों राज्यों के बीच कारोबार, रोजगार, पर्यटन और यातायात को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.


