Kanpur Ganga Bridge: कानपुर और उन्नाव के बीच बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में एक बड़ी परियोजना पर काम चल रहा है. पुराने गंगा पुल के बगल में करीब 235 करोड़ रुपये की लागत से नया फोर लेन सेतु बनाया जा रहा है. जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें- ग्वालियर से लखनऊ अब सिर्फ 5 घंटे में, NH-719 ने बदली MP-UP की कनेक्टिविटी; इटावा-कानपुर का सफर भी हुआ आसान
1,196 मीटर लंबा और 20 मीटर चौड़ा होगा पुल
राज्य सेतु निगम की ओर से बनाए जा रहे इस प्रस्तावित फोर लेन पुल की कुल लंबाई 1,196 मीटर और चौड़ाई 20 मीटर होगी. परियोजना के तहत कुल 24 पिलर बनाए जाने हैं. अधिकारियों के मुताबिक अब तक करीब 15 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और 14 पिलर पर प्रारंभिक संरचनात्मक कार्य किया जा चुका है. पुल का निर्माण फरवरी 2026 में शुरू हुआ था, जबकि इसे फरवरी 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
गंगा का जलस्तर बढ़ने से निर्माण प्रभावित
फिलहाल गंगा का जलस्तर बढ़ा होने के कारण नदी क्षेत्र में निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है. डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलस्तर सामान्य होते ही पर्याप्त संसाधन और मैनपावर लगाकर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए. उन्होंने साथ ही निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए.
2021 से बंद है पुराना गंगा पुल
कानपुर-शुक्लागंज को जोड़ने वाला पुराना गंगा पुल लंबे समय से शहर की पहचान और हेरिटेज का हिस्सा रहा है. पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद 2021 से इस पर आवागमन बंद है. इसके चलते कानपुर से शुक्लागंज और उन्नाव होते हुए लखनऊ जाने वाले लोगों के लिए जाजमऊ गंगा पुल ही प्रमुख विकल्प रह गया है. नए पुल का निर्माण पुराने पुल के ठीक बगल में किया जा रहा है. इसके तैयार होने के बाद मध्य कानपुर से शुक्लागंज और उन्नाव की तरफ आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
लखनऊ जाने वाले यात्रियों को भी मिलेगा फायदा
डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह सेतु कानपुर और उन्नाव के बीच आवागमन को सुगम बनाने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है. इसके पूरा होने के बाद शुक्लागंज और उन्नाव होते हुए लखनऊ की ओर जाने वाले यातायात को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
यह भी पढ़ें- भुवन बाम की ‘The Revolutionaries’ के बीच ‘Hey Hanuman’ की गूंज, कैलाश खेर ने दी आवाज; रिलीज हुआ दमदार गाना
750 करोड़ की एक और पुल परियोजना पर काम
कानपुर और उन्नाव के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए ट्रांस गंगा क्षेत्र में करीब 750 करोड़ रुपये की लागत से एक अन्य पुल परियोजना पर भी काम किया जा रहा है. दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है.


