LPG Connection Update: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बने विवाद का असर LPG सप्लाई पर भी दिखाई दे रहा है. स्थिति को देखते हुए भारत ने LPG और LNG की खरीद अमेरिका से शुरू कर दी है. हालांकि, देश में नए घरेलू LPG कनेक्शन जारी करने पर अभी भी रोक लगी हुई है.
दिल्ली-हावड़ा रूट पर बड़ा बदलाव, अब बिछेगी चौथी रेल लाइन
नए कनेक्शन के लिए लोग लगातार आवेदन करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सभी कंपनियों में इसकी बुकिंग बंद है. कंपनियों के मुताबिक, मार्च 2026 से 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर का कोई नया कनेक्शन जारी नहीं किया गया है.
पुराने ग्राहकों को रिफिल में प्राथमिकता
फिलहाल गैस कंपनियां पुराने कनेक्शन वाले ग्राहकों को ही LPG की सप्लाई दे रही हैं. जिन लोगों का पुराना कनेक्शन बंद पड़ा है, उसे दोबारा रिन्यू किया जा रहा है. इसके अलावा ग्राहकों से KYC कराने के लिए भी लगातार कहा जा रहा है. इसका मकसद फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शनों को हटाना है.
नए कनेक्शन का इंतजार कर रहे लोगों के लिए कुछ डिस्ट्रीब्यूटर 5 किलो और 10 किलो वाले सिलेंडर लेने की सलाह दे रहे हैं. बड़े शहरों में 10 किलो वाला FTL LPG सिलेंडर भी लॉन्च किया गया है, जिसे बुक कर मंगाया जा सकता है.
सरकार ने नए कनेक्शन पर क्या कहा
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर स्थिति को लेकर जवाब दिया है. मंत्रालय के अनुसार, मौजूदा भू-राजनीतिक हालात को देखते हुए नए LPG कनेक्शन पर फिलहाल अस्थायी रोक लगाई गई है.
डिस्ट्रीब्यूटरों को मौजूदा ग्राहकों को रिफिल उपलब्ध कराने में प्राथमिकता देने के निर्देश हैं, ताकि नियमित उपभोक्ताओं की सेवा प्रभावित न हो. मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि नए कनेक्शन पर रोक स्थायी नहीं है. हालात सामान्य होने के बाद नए कनेक्शन फिर से शुरू होने की उम्मीद है.
LPG सप्लाई को लेकर क्या है चिंता
द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार, FLDI के महासचिव पवन सोनी ने कहा कि फिलहाल LPG सप्लाई की स्थिति ठीक है. हालांकि, यह कहना मुश्किल है कि आने वाले लंबे समय तक हालात ऐसे ही बने रहेंगे.
उनके मुताबिक, पश्चिम एशिया में स्थिति लगातार अनिश्चित है और यह साफ नहीं है कि तेल कंपनियां कितने LPG जहाज भारत तक पहुंचा पाएंगी. यही वजह है कि सप्लाई को लेकर आगे की स्थिति पर अभी निश्चित तौर पर कुछ कहना मुश्किल है.
अमेरिका से महंगी पड़ रही LPG
पश्चिम एशिया में तनाव से पहले भारत अपनी जरूरत की करीब 60 फीसदी LPG आयात करता था. इसमें लगभग 90 फीसदी सप्लाई होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते भारत पहुंचती थी.
Bihar Expressway: बिहार में बड़ा रोड प्लान, राजगीर-बोधगया को मिलेगी एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी
संकट के बाद आयात में कमी आई तो घरेलू LPG उत्पादन बढ़ाया गया. इसके बावजूद नए घरेलू कनेक्शन को मंजूरी नहीं दी गई है. फिलहाल भारत अपनी जरूरत की 67 फीसदी LPG अमेरिका से आयात कर रहा है. अमेरिका से गैस को भारत पहुंचने में लंबी समुद्री यात्रा करनी पड़ती है, जिससे इसकी लागत पश्चिम एशिया से आने वाली LPG की तुलना में ज्यादा है.


