Meerut News: मेरठ में दिल्ली रोड किनारे प्रस्तावित प्रदेश की पहली इंटीग्रेटेड TOD टाउनशिप अब धीरे-धीरे आकार लेने लगी है. टाउनशिप का लेआउट तैयार करने की प्रक्रिया तेज हो गई है. कंसल्टेंट कंपनी IQT India की पांच सदस्यीय टीम ने स्थलीय निरीक्षण और ड्रोन सर्वे शुरू कर दिया है. माना जा रहा है कि करीब एक महीने में प्रारंभिक लेआउट तैयार हो जाएगा.
यह भी पढ़ें- यूपी के इस जिले में बनेगा गंगा एक्सप्रेसवे, 109 गांवों की जमीन से बदलेगी तस्वीर
प्रवेश द्वार से ड्रेनेज तक का हो रहा सर्वे
मेरठ विकास प्राधिकरण (MEDA) के नियोजन अनुभाग में कंसल्टेंट कंपनी की टीम में टाउन प्लानर, सर्वेयर समेत अन्य विशेषज्ञों की तैनाती हो चुकी है. टीम प्रस्तावित टाउनशिप की जमीन का बारीकी से निरीक्षण कर रही है. इसमें प्रवेश और निकास द्वार की स्थिति, जमीन की ऊंचाई-ढलान, मौजूदा रोड नेटवर्क, आसपास की सड़कों और ड्रेनेज व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है. इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर व्यावहारिक लेआउट तैयार किया जाएगा.
MEDA के मुख्य नगर नियोजक तेज प्रताप सिंह के अनुसार संबंधित कंपनी को प्रारंभिक सर्वे रिपोर्ट उपलब्ध करा दी गई है. प्रस्तावित क्षेत्र में नहर और पुरानी सड़क भी मौजूद है, इसलिए लेआउट तैयार करते समय इन्हें भी समायोजित किया जाएगा. कंपनी को लेआउट तैयार करने के लिए दो महीने का समय दिया गया है.
क्या होती है TOD टाउनशिप?
TOD यानी Transit Oriented Development ऐसी टाउनशिप होती है, जिसे प्रमुख सार्वजनिक परिवहन गलियारे के आसपास विकसित किया जाता है. इसका उद्देश्य आवासीय, व्यावसायिक और कार्यालय गतिविधियों को Metro या Rapid Transit जैसे तेज परिवहन साधनों से जोड़ना होता है. सीमित जमीन में अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसी टाउनशिप में प्लॉटेड डेवलपमेंट की जगह फ्लैटेड डेवलपमेंट को प्राथमिकता दी जाती है. यानी एक ही परिसर में नीचे दुकान और ऊपर आवास जैसी व्यवस्था विकसित की जा सकती है. प्रस्तावित टाउनशिप में भी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के ऊपर आवासीय अपार्टमेंट विकसित करने की योजना है.
31 सेक्टरों में विकसित होगी टाउनशिप
प्रस्तावित टाउनशिप को Phase-1 और Phase-2 में विकसित किया जाएगा. दोनों चरणों को मिलाकर इसे कुल 31 सेक्टरों में बांटा गया है. इस टाउनशिप की खासियत यह होगी कि यहां केवल आवासीय क्षेत्र ही नहीं होगा, बल्कि उसी परिसर में औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी जगह होगी. आवास के साथ उद्योग और कारोबार के लिए फ्लैट, कॉम्प्लेक्स और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इससे लोगों को रहने, काम करने और खरीदारी जैसी कई सुविधाएं एक ही क्षेत्र में मिलने की उम्मीद है.
294 हेक्टेयर जमीन पर होगा विकास
दिल्ली रोड किनारे मोहिउद्दीनपुर, इकला, छज्जूपुर और कायस्थ गांवड़ी से कुल करीब 294 हेक्टेयर भूमि खरीदी जानी है. अब तक समझौते के आधार पर करीब 160 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा चुकी है. वहीं, करीब 123 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण कानून के तहत खरीदी जानी है. इसमें करीब 11 हेक्टेयर ग्राम सभा की जमीन भी शामिल है, जिसे जल्द ही जिला प्रशासन की ओर से MEDA के पक्ष में नामांतरित किए जाने की तैयारी है.
यह भी पढ़ें- यूपी के इस जिले में बनेगा 150 एकड़ का भव्य Biodiversity Park, खर्च होंगे 136 करोड़; मिलेंगी ये खास सुविधाएं
नए साल तक लॉन्चिंग की तैयारी
मेरठ की इस महत्वाकांक्षी टाउनशिप को नए साल तक लॉन्च करने की तैयारी चल रही है. शुरुआती चरण में पहले दो सेक्टरों के लिए प्लॉट आवंटन शुरू किए जाने की संभावना है. लेआउट तैयार होने के बाद टाउनशिप की सड़क, आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक गतिविधियों का स्वरूप और स्पष्ट हो जाएगा. अगर योजना तय समय के अनुसार आगे बढ़ती है तो दिल्ली रोड के इस क्षेत्र में आने वाले वर्षों में मेरठ का एक नया आधुनिक शहरी केंद्र विकसित हो सकता है.


