Entertainment News: डांसर और सोशल मीडिया पर्सनैलिटी धनश्री वर्मा अब अभिनय की दुनिया में एक नई शुरुआत करने जा रही हैं. वह तेलुगु फिल्म ‘Hey Kannamma’ से बतौर लीड एक्ट्रेस डेब्यू करने वाली हैं. फिल्म का टीजर भी रविवार को रिलीज कर दिया गया, जिसमें धनश्री की पहली झलक देखने को मिली है. दिल राजू प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म में यश मास्टर और कार्तिका मुरलीधरन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
धनश्री वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फिल्म की रिलीज डेट और इससे जुड़ी जानकारी साझा की. उन्होंने इस प्रोजेक्ट को अपने लिए बेहद खास बताया और कहा कि वह दर्शकों को बड़े पर्दे पर यह फिल्म दिखाने के लिए उत्साहित हैं.
धनश्री ने शेयर किया फिल्म का टीजर
धनश्री ने रविवार को ‘Hey Kannamma’ का आधिकारिक टीजर शेयर करते हुए इसे अपने करियर की एक नई शुरुआत बताया. उन्होंने कहा कि तेलुगु सिनेमा में बतौर लीड एक्ट्रेस यह उनका पहला प्रोजेक्ट है और इस फिल्म से उनकी कई खास यादें जुड़ी हैं.
अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, “एक बेहद खास नई शुरुआत की छोटी-सी झलक! पेश है मेरी तेलुगु डेब्यू फिल्म #HeyKannamma का आधिकारिक टीजर. दिल राजू प्रोडक्शंस के साथ लीड एक्टर के रूप में एक बिल्कुल नई दुनिया में कदम रख रही हूं. यह सफर मेरे दिल के बेहद करीब है.”
उन्होंने आगे लिखा कि वह दर्शकों को फिल्म दिखाने और उनसे प्यार पाने का इंतजार कर रही हैं. फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
27 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
‘Hey Kannamma’ के जरिए धनश्री वर्मा पहली बार तेलुगु सिनेमा में मुख्य अभिनेत्री के तौर पर नजर आएंगी. फिल्म में उनके साथ यश मास्टर और कार्तिका मुरलीधरन भी अभिनय करते दिखाई देंगे. दिल राजू प्रोडक्शंस के समर्थन से बन रही इस फिल्म को लेकर धनश्री काफी उत्साहित हैं.
अब देखना होगा कि डांस और सोशल मीडिया की दुनिया में पहचान बनाने के बाद धनश्री वर्मा की बतौर अभिनेत्री यह नई पारी दर्शकों को कितनी पसंद आती है.
यह भी पढ़ें- ‘रामायण’ में भगवान इंद्र बने कुणाल कपूर को दुनियाभर से मिल रहा प्यार, अभिनेता ने जताया आभार


