प्रयागराज: संगम नगरी प्रयागराज में अपना आशियाना बनाने का सपना देखने वालों के लिए अच्छी खबर है. प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) अगले पांच वर्षों में शहर के आसपास तीन नई टाउनशिप विकसित करने की तैयारी कर रहा है. इन आवासीय योजनाओं में दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के दूसरे शहरों के लोग भी भूखंड और फ्लैट खरीद सकेंगे. इसके लिए गंगापार और यमुनापार में जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.
पीडीए की योजना के मुताबिक, तीनों टाउनशिप के विकास से प्रयागराज में आवासीय सुविधाओं का विस्तार होगा. साथ ही शहर के आसपास सुनियोजित शहरी विकास को भी बढ़ावा मिलेगा.
मलाका, झूंसी और इरादतगंज में विकसित होंगी टाउनशिप
पीडीए गंगापार के मलाका और झूंसी क्षेत्र में लगभग 800 से 900 हेक्टेयर जमीन पर टाउनशिप विकसित करने की तैयारी में है. वहीं, यमुनापार के इरादतगंज में करीब 500 हेक्टेयर क्षेत्र में नई आवासीय टाउनशिप बसाने की योजना है.
इन परियोजनाओं के तहत लोगों को आवासीय भूखंडों के साथ फ्लैट खरीदने का विकल्प भी मिलेगा. इससे प्रयागराज में रहने की इच्छा रखने वाले दूसरे राज्यों के लोगों को भी घर खरीदने का अवसर मिल सकेगा.
एयरो सिटी के बाद तीन नई आवासीय योजनाओं पर फोकस
प्रयागराज विकास प्राधिकरण फिलहाल एयरो सिटी विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है. इसके बाद शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में तीन नई टाउनशिप विकसित करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा. इन योजनाओं का उद्देश्य बढ़ती आबादी और आवासीय मांग के अनुरूप नई सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
इरादतगंज में सेना से ली जाएगी जमीन
पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषिराज ने बताया कि एयरो सिटी के बाद अलग-अलग स्थानों पर तीन टाउनशिप विकसित करने की योजना है. मलाका और इरादतगंज की ओर जमीन चिह्नित करने के लिए जल्द सर्वे कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि इरादतगंज में टाउनशिप विकसित करने के लिए सेना से जमीन ली जाएगी.
पीडीए की इन प्रस्तावित योजनाओं के पूरा होने से आने वाले वर्षों में प्रयागराज के आवासीय नक्शे में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
यह भी पढ़ें- Avengers: Doomsday में होगा Avengers और X-Men का महामिलन, Hugh Jackman और Ryan Reynolds भी राइटिंग टीम में शामिल
यह भी पढ़ें- कुलगाम में सुरक्षा घेराबंदी पर भड़कीं महबूबा मुफ्ती, बोलीं- पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया गया


