Meerut-Haridwar Expressway: उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए एक बड़ी योजना पर काम शुरू हो गया है. मेरठ से हरिद्वार के बीच 147 किलोमीटर लंबा नया 6 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा. इसके तैयार होने के बाद लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के शहरों से हरिद्वार पहुंचना आसान हो जाएगा. इस परियोजना पर करीब 10,761 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.
इस एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा. इससे प्रयागराज से मेरठ तक आने वाले वाहन सीधे हरिद्वार की ओर जा सकेंगे. फिलहाल मेरठ से हरिद्वार पहुंचने में करीब साढ़े तीन घंटे लगते हैं, लेकिन नया एक्सप्रेसवे बनने के बाद यह दूरी महज 90 मिनट में पूरी की जा सकेगी.
यूपी में 117 और उत्तराखंड में बनेगा 30 किलोमीटर हिस्सा
मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेसवे को लेकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार के बीच सहमति बन चुकी है. दोनों राज्यों के बीच इस परियोजना के लिए एमओयू भी हो चुका है. प्रस्तावित 147 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे में 117 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 30 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में होगा.
इस परियोजना की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) संभालेगा. फिलहाल प्रोजेक्ट का सर्वे किया जा रहा है. इसके बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार होगी. डीपीआर बनने के बाद जमीन अधिग्रहण और निर्माण से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
204 गांवों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेसवे
प्रस्तावित एक्सप्रेसवे की शुरुआत गंगा एक्सप्रेसवे के मेरठ-बुलंदशहर इंटरचेंज से होगी. यहां से यह 204 गांवों से होकर हरिद्वार तक पहुंचेगा. इनमें 62 गांव अमरोहा, 117 गांव बिजनौर और 25 गांव हरिद्वार जिले के शामिल हैं.
यह एक्सप्रेसवे रुड़की बाईपास से गुजरते हुए हरिद्वार के बाहरी इलाके तक पहुंचेगा. आगे इसे चारधाम यात्रा मार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग-334 से जोड़ने की योजना है. इससे हरिद्वार के साथ चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी.
120 KM प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगे वाहन
यह एक्सप्रेसवे छह लेन का ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट होगा. इस पर वाहनों को अधिकतम 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की अनुमति देने की योजना है. इसके बनने से मेरठ और हरिद्वार के बीच यात्रा का समय करीब साढ़े तीन घंटे से घटकर डेढ़ घंटे रह जाएगा.
लखनऊ, प्रयागराज और बनारस से भी आसान होगा सफर
इस परियोजना का सबसे बड़ा फायदा पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों को मिलने की उम्मीद है. गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए प्रयागराज से मेरठ और फिर नए एक्सप्रेसवे से हरिद्वार तक पहुंचना आसान होगा.
प्रस्तावित कनेक्टिविटी के अनुसार
- लखनऊ से हरिद्वार: करीब 6 से 6.5 घंटे में पहुंचने का अनुमान.
- प्रयागराज से हरिद्वार: करीब 7 से 8 घंटे का सफर.
- वाराणसी से हरिद्वार: प्रयागराज के रास्ते करीब 8 से 9 घंटे में पहुंचने की संभावना.
इसके अलावा बिहार और पश्चिम बंगाल से सड़क मार्ग के जरिए हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को भी इस परियोजना का लाभ मिल सकता है.
कारोबार और रियल एस्टेट को भी मिलेगा बढ़ावा
मेरठ से हरिद्वार तक बनने वाला यह एक्सप्रेसवे केवल धार्मिक पर्यटन और यातायात के लिहाज से ही महत्वपूर्ण नहीं होगा, बल्कि इससे आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
एक्सप्रेसवे के आसपास रियल एस्टेट, आवासीय परियोजनाओं और व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी. इसके साथ ही दोनों राज्यों के बीच व्यापार, परिवहन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में बसेंगी 3 नई टाउनशिप, दूसरे राज्यों के लोग भी खरीद सकेंगे प्लॉट और फ्लैट, 5 साल में पूरा होगा प्रोजेक्ट
यह भी पढ़ें- Avengers: Doomsday में होगा Avengers और X-Men का महामिलन, Hugh Jackman और Ryan Reynolds भी राइटिंग टीम में शामिल


