Nepal Flood Rescue: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और तबाही के बीच राहत एवं बचाव अभियान में शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली है. त्रिशूली-3A हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में फंसे लोगों से रेस्क्यू टीम ने संपर्क स्थापित कर लिया है. नेपाल सेना के मुताबिक, सुरंग के अंदर से एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. बताया जा रहा है कि 26 अगस्त को भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ के कारण सुरंग का रास्ता बंद हो गया था. इसके बाद से सुरंग के भीतर फंसे लोगों की तलाश और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था.
सुरंग के अंदर से सुनाई दी लोगों की आवाज
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान शुक्रवार को बचाव दल को सुरंग के भीतर से एक से अधिक लोगों की आवाजें सुनाई दीं. इसके बाद बचावकर्मियों ने अंदर मौजूद लोगों से संवाद स्थापित किया. रेस्क्यू टीम ने अंदर फंसे लोगों से कहा कि घबराइए मत, हम आपको बचाने आ रहे हैं. अंदर से जवाब मिला, हां..इसके बाद नेपाली सेना और सशस्त्र पुलिस बल के जवान सुरंग के अंदर दाखिल हुए और तलाशी एवं बचाव अभियान तेज कर दिया.
नेपाली सेना और सशस्त्र पुलिस बल की टीम जुटी
रेस्क्यू ऑपरेशन में नेपाली सेना और Armed Police Force के जवानों के साथ तकनीकी विशेषज्ञ भी शामिल हैं. सुरंग के भीतर लोगों से सीधे संपर्क स्थापित होना बचाव अभियान के लिए बेहद अहम और सकारात्मक संकेत माना जा रहा है. राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के सांसद और ऊर्जा विभाग के प्रमुख श्रीराम न्यौपाने ने भी सोशल मीडिया पर बताया था कि बचाव अभियान में शामिल नेपाली सेना के जवानों को सुरंग के अंदर से लोगों के बोलने की जानकारी मिली है. उन्होंने कहा कि सुरंग के भीतर से लोगों की आवाज सुनाई देना एक उत्साहजनक संकेत है और उम्मीद है कि अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा.
9 दिन से जारी था सर्च ऑपरेशन
त्रिशूली-3A हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में लोगों के फंसे होने की आशंका के बाद करीब 9 दिनों से लगातार सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा था. खराब परिस्थितियों और बाढ़ के कारण बचाव दल के सामने कई चुनौतियां थीं. अब सुरंग के अंदर मौजूद लोगों से संपर्क स्थापित होने और एक व्यक्ति के सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद अभियान में बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद बढ़ गई है.
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा नया हाईवे, कल्याण-लातूर एक्सप्रेसवे से 4 घंटे में पूरा होगा सफर
नेपाल में बाढ़ से भारी तबाही
इस बीच नेपाल में बाढ़ और आपदा से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है. नेपाल पुलिस के मुताबिक, देश में बाढ़ से मृतकों की संख्या 1,290 तक पहुंच गई है. राहत और बचाव एजेंसियां प्रभावित इलाकों में लगातार अभियान चला रही हैं.


