नोएडा/ग्रेटर नोएडा: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच रोजाना सफर करने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है. दोनों शहरों को आपस में जोड़ने वाली एक बेहद महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी परियोजना के रास्ते से आखिरकार जमीन का रोड़ा हट गया है. ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने हिंडन नदी पर बने नए पुल को मुख्य मार्ग से जोड़ने का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है. अधिकारियों का दावा है कि अगले चार महीनों के भीतर यानी इस साल के अंत तक इस नए रास्ते को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा.
जमीन का विवाद सुलझा, मिट्टी डालने का काम शुरू
यह पूरी परियोजना ग्रेटर नोएडा के एलजी गोलचक्कर से नोएडा के सेक्टर-145 और 146 को सीधे जोड़ने के लिए तैयार की जा रही है. इस रूट पर उत्तर प्रदेश सेतु निगम की तरफ से हिंडन नदी पर बनाया जा रहा पुल पूरी तरह बनकर तैयार है और नोएडा प्राधिकरण भी अपने हिस्से की सड़क का निर्माण कर चुका है. हालांकि, हिंडन पुस्ता के पार नोएडा की तरफ की 700 मीटर लंबी सड़क में से करीब 200 मीटर के हिस्से में दो खसरा नंबरों की जमीन आड़े आ रही थी. किसान से सहमति न बन पाने के कारण यह काम अटका हुआ था, जिसके चलते मार्च 2026 की समय-सीमा (डेडलाइन) भी चूक गई थी.
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम ने बताया कि किसान से आपसी सहमति बनने के बाद अब उक्त 200 मीटर के दायरे में मिट्टी डालने का काम शुरू करा दिया गया है. चूंकि बारिश के मौसम में सड़क पक्की (डामरीकरण) नहीं की जा सकती, इसलिए मॉनसून खत्म होते ही सड़क को अंतिम रूप देकर वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी जाएगी.
परी चौक और सूरजपुर घंटाघर पर कम होगा ट्रैफिक का दबाव
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से उड़ान सेवाएं शुरू होने के बाद से ही नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और आसपास के इलाकों में वाहनों का दबाव तेजी से बढ़ा है. वर्तमान में परी चौक, पी-3 गोलचक्कर और सूरजपुर घंटाघर चौक पर पीक आवर्स में भीषण जाम लगना आम बात हो गई है. ग्रेटर नोएडा से नोएडा आने-जाने वाले वाहनों को एक नया और सीधा विकल्प मिलेगा. परी चौक और सूरजपुर घंटाघर चौक से होकर गुजरने वाले ट्रैफिक का एक बड़ा हिस्सा इस नए मार्ग पर डायवर्ट हो जाएगा, जिससे इन प्रमुख चौराहों को बड़ी राहत मिलेगी.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट को भी दिवाली तक तोहफा
इसी कड़ी में ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) के निवासियों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए भी एक बड़ी तैयारी चल रही है. चार मूर्ति चौक पर करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे अंडरपास का काम अंतिम चरण में है. अधिकारियों के मुताबिक, इस अंडरपास को आगामी अक्टूबर या नवंबर तक वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा. इस अंडरपास के शुरू होने से चार मूर्ति चौक से गाजियाबाद और नोएडा की ओर आने-जाने वाले लोगों को सिग्नल-फ्री रास्ता मिलेगा. इसके अलावा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अंदरूनी सड़कों को चौड़ा करने और अब तक 5 से अधिक नए यू-टर्न (U-Turns) बनाकर ट्रैफिक मैनेजमेंट को सुधारा जा रहा है.
अवध विश्वविद्यालय में ‘मियावाकी तकनीक’ से बनेगा सघन वन, कुलपति ने किया ‘लिविंग ग्रीन लैब’ का उद्घाटन
आधिकारिक बयान
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सीईओ रवि कुमार एनजी के मुताबिक, हिंडन पर बना नया पुल चालू होने के बाद परी चौक और सूरजपुर घंटाघर चौक पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा. नवनिर्मित पुल को जोड़ने वाली सड़क का जो हिस्सा कुछ जमीन के कारण अधूरा पड़ा था, वहां किसान से सहमति लेकर काम शुरू करा दिया गया है. जल्द ही इसे जनता को समर्पित किया जाएगा.


