Rajasthan Weather Update: राजस्थान में भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच मौसम लगातार करवट बदल रहा है. एक ओर प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर आंधी और बारिश का दौर लोगों को राहत भी दे रहा है. गुरुवार को सुबह से दोपहर तक अधिकांश इलाकों में तेज धूप, उमस और लू का असर देखने को मिला. तेज गर्मी के कारण आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही भी कम दिखाई दी.
कहीं आप भी नकली सरसों तेल तो नहीं खरीद रहे? घर पर ऐसे करें असली और मिलावटी तेल की पहचान
हालांकि दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया. राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली. मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है. हालांकि 16 मई के बाद फिर से गर्मी तेज होने और अगले एक सप्ताह तक हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है.
10 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए राजस्थान के 10 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा तीन जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट और एक जिले में यलो अलर्ट घोषित किया गया है. विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के कई क्षेत्रों में तापमान अब भी 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है.
गुरुवार को अलग-अलग जिलों में तापमान
गुरुवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान फलोदी में 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा बाड़मेर और जैसलमेर में 45.1 डिग्री, श्रीगंगानगर में 44.8 डिग्री, बीकानेर में 44.1 डिग्री तथा चित्तौड़गढ़ और जोधपुर में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. वहीं कोटा में 43.4 डिग्री, पिलानी में 43 डिग्री, चूरू में 42.8 डिग्री, भीलवाड़ा में 42.4 डिग्री और उदयपुर में 42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
हीटवेव की चपेट में रहे ये इलाके
पिछले 24 घंटों के दौरान दोपहर तक मौसम साफ रहा और पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में लू का असर काफी तेज रहा. बाड़मेर, जैसलमेर, फलोदी और जोधपुर जैसे इलाके हीटवेव की चपेट में रहे. वहीं पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग में भी गर्म हवाएं चलीं और दिनभर तेज गर्मी बनी रही. जयपुर में शाम के समय करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली. शहर के अधिकांश हिस्सों में हुई बारिश के बाद तापमान में लगभग 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और तापमान घटकर करीब 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
राजस्थान में मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के विस्तारित पूर्वानुमान के अनुसार 15 से 21 मई के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से 1 से 2 डिग्री अधिक रहने की संभावना है. पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में हीटवेव का असर बना रह सकता है, जबकि कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और आंधी की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है.
वहीं 22 से 28 मई के बीच तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. इस दौरान अधिकांश इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन कुछ स्थानों पर छिटपुट आंधी राहत दे सकती है.
फेंके हुए जूतों से शुरू किया काम, आज बना 3 करोड़ का बिजनेस! दो दोस्तों की Startup Story वायरल
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है. साथ ही किसानों को कटी हुई फसलों और मंडियों में रखे अनाज को आंधी और हल्की बारिश से बचाने के लिए सुरक्षित स्थान पर ढककर रखने की सलाह दी गई है.


