Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मई महीने के साथ ही गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी के अनुसार राज्य के पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी इलाकों में अगले 4 से 5 दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है. इसके साथ ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं.
कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी
मौसम विभाग ने 19 मई के लिए राजस्थान के 19 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है. खासकर पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों और दक्षिण-पूर्वी भागों में तेज गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है.
आर्थिक संकट से जूझ रहा पाकिस्तान अब रक्षा बजट बढ़ाने की तैयारी में, IMF पर टिकी नजर
बाड़मेर रहा सबसे गर्म शहर
बीते 24 घंटों के मौसम आंकड़ों के अनुसार राजस्थान के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. इस दौरान सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में दर्ज किया गया, जहां पारा 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को दिन के समय बाहर निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
जयपुर में गर्म रातों ने बढ़ाई परेशानी
राजधानी जयपुर में अब केवल दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी लोगों को बेहाल करने लगी हैं. मौसम केंद्र के अनुसार रविवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री ज्यादा है.
पिछले 24 घंटों में दिन के तापमान में 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि रात का तापमान लगभग स्थिर बना रहा. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है.
बंगाल की खाड़ी में पहुंचा दक्षिण-पूर्वी मानसून
मौसम विज्ञानियों के अनुसार भारतीय मानसून की दक्षिण-पूर्वी शाखा अंडमान सागर के रास्ते अंडमान-निकोबार द्वीप समूह को पार करते हुए बंगाल की खाड़ी में प्रवेश कर चुकी है. इसके प्रभाव से मेवाड़, वागड़ और आसपास के क्षेत्रों में 28 मई के बाद प्री-मानसून बारिश होने की संभावना जताई जा रही है.
अंदर ही अंदर टूट रही थी दीपिका… जलपुरा में छत से कूदकर दी जान, करोड़पति विदाई भी न बचा सकी जिंदगी
मई के अंत में मिल सकती है राहत
विशेषज्ञों का मानना है कि प्री-मानसून बारिश शुरू होने के बाद लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. फिलहाल अगले कुछ दिनों तक राजस्थान में गर्म और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
aa

