Rajasthan Heatwave Alert: अप्रैल का महीना अभी आधा ही बीता है, लेकिन राजस्थान में गर्मी ने अपने तीखे और रौद्र रूप दिखाने शुरू कर दिए हैं. मरुधरा के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों को जून जैसी झुलसाने वाली गर्मी का अहसास होने लगा है. सुबह होते ही सूरज की तेज किरणें चुभने लगती हैं और दोपहर तक हालात इतने खराब हो जाते हैं कि तेज धूप और लू के कारण बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं लगता. स्थिति यह है कि दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही, जिससे आमजन की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है.
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान में 20 से 22 अप्रैल तक गर्मी का असर काफी तेज रहेगा. वहीं पश्चिमी राजस्थान में भी इसी दौरान गर्म हवाएं और अधिक तेज हो सकती हैं, जिससे लू चलने की प्रबल संभावना जताई गई है. आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं, जो हीटवेव की स्थिति को और गंभीर बना सकते हैं.
19 अप्रैल को कैसा रहा मौसम
19 अप्रैल को प्रदेश के अधिकतम तापमान के आंकड़े इस बढ़ती गर्मी की स्पष्ट तस्वीर पेश करते हैं. कोटा में सबसे अधिक 42.1°C तापमान दर्ज किया गया. इसके अलावा चित्तौड़गढ़ और चूरू में 42.0°C, पिलानी में 41.7°C, वनस्थली में 41.6°C और अलवर में 41.5°C तापमान रिकॉर्ड हुआ. बाड़मेर में 41.4°C, बीकानेर और करौली में 41.0°C दर्ज किया गया. फतेहपुर और जयपुर में 40.5°C, डबोक में 40.2°C तथा जैसलमेर, जोधपुर और डूंगरपुर में 40.0°C तापमान रहा.
अन्य जिलों की बात करें तो लूणकरणसर में 39.9°C, भीलवाड़ा, श्रीगंगानगर और झुंझुनूं में 39.6°C, सीकर और दौसा में 39.5°C तथा प्रतापगढ़ में 39.4°C तापमान दर्ज किया गया. जवाई डैम में 39.2°C, जालोर और नागौर में 38.4°C, सिरोही में 38.0°C और सांगारिया में 37.8°C तापमान रिकॉर्ड हुआ. पाली में अपेक्षाकृत कम 36.0°C तापमान दर्ज किया गया, जो अन्य जिलों की तुलना में कुछ राहत देने वाला रहा.
हल्की बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 20 से 23 अप्रैल के बीच राज्य के मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं. इस दौरान कई हिस्सों में लू चलने की संभावना बनी हुई है. खासतौर पर पूर्वी राजस्थान में 20 से 23 अप्रैल तक और पश्चिमी राजस्थान में भी इसी अवधि के दौरान गर्मी का असर अधिक रहेगा. हालांकि, कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई गई है. इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
इसके बावजूद तापमान में गिरावट की संभावना बेहद कम है. उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य क्षेत्रों की तरह राजस्थान में भी अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है. यानी आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा परेशान कर सकती है.
खुशखबरी! रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण फिर बनने वाले हैं पेरेंट्स, दुआ को मिलेगा भाई या बहन!
जारी रहेगा लूका असर
प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर आने वाले दिनों में भी जारी रहने की संभावना है. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है. दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें, ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं और खुद को धूप से सुरक्षित रखें. स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, लू से बचाव के लिए हल्के और ढीले कपड़े पहनना, सिर को ढककर रखना और समय-समय पर तरल पदार्थ लेते रहना बेहद जरूरी है.


