Rajasthan Weather Update: राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है. जहां एक ओर तेज लू और झुलसाने वाली गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा था, वहीं अब अचानक बदले मौसम ने तापमान में गिरावट लाकर माहौल को सुहावना बना दिया है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, इस बदलाव के पीछे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ मुख्य कारण है, जिसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मेघगर्जन, तेज आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है.
Google Gemini का महा-अपडेट, अब चैट के अंदर ही फाइलें होंगी तैयार और डाउनलोड
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है. इस मौसमीय गतिविधि के चलते अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है, जो इस समय के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. राजधानी जयपुर में तेज अंधड़ और बारिश के बाद तापमान लगभग 5 डिग्री गिरकर 33.3°C दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 20.2°C रहा. इसी तरह अलवर, सीकर और पिलानी जैसे शहरों में भी अधिकतम तापमान 35°C से नीचे पहुंच गया, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत महसूस हुई.
इन जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने मंगलवार, 5 मई को राजस्थान के बड़े हिस्से में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है. जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, डीग, भरतपुर, धौलपुर, करौली, दौसा, बारां, सवाई माधोपुर, झालावाड़, कोटा, बूंदी, टोंक, अजमेर, भीलवाड़ा, पाली, ब्यावर, जोधपुर, नागौर और खैरथल-तिजारा जैसे जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है.
इसके अलावा जयपुर, डीडवाना-कुचामन, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, उदयपुर, प्रतापगढ़, सलूम्बर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, सिरोही और जालोर में भी तेज मेघगर्जन, वज्रपात और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
पिछले 24 घंटों में हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर समेत 15 से अधिक जिलों में मौसम ने उग्र रूप दिखाया, जहां बारिश के साथ ओले भी गिरे. हालांकि पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर में अभी भी अन्य जिलों की तुलना में गर्मी का असर अधिक बना हुआ है.
Election Results 2026: चुनावी नतीजों के बीच क्या आज महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल? जानें अपने शहर के रेट
आमजन के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने 5 और 6 मई के लिए प्रदेश के 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग ने विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि मेघगर्जन या बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर न रहें और ऊंचे पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें. खराब मौसम के समय पक्के मकानों या सुरक्षित इमारतों के भीतर रहना ही सबसे सुरक्षित उपाय है. साथ ही, बिजली गिरने की आशंका के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग से भी दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है.


