Rajnath Singh security lapse: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में देश के रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक का मामला सामने आया है. श्रीराम कथा कार्यक्रम से लौटते समय उनका वीवीआईपी काफिला निर्धारित मार्ग से भटक गया, जिससे पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति संभालते हुए काफिले को वापस सुरक्षित रूट पर पहुंचाया.
सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, अमेरिकी रोजगार आंकड़ों ने बढ़ाया दबाव, निवेशकों में बढ़ी बेचैनी
जानकारी के मुताबिक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह श्रीराम कथा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे. इस दौरान इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर रूट समन्वय में हुई चूक के कारण काफिले को फ्लाईओवर से गुजरना था, लेकिन वह ओवरब्रिज पर चढ़ने के बजाय नीचे की सड़क पर आगे बढ़ गया.
काफिला फ्लाईओवर के नीचे से होते हुए सीधे टेढ़ी पुलिया चौराहे पर पहुंच गया. चूंकि सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस प्रशासन ने तय रूट के अनुसार फ्लाईओवर और आसपास के क्षेत्रों में ही विशेष सुरक्षा व्यवस्था की थी, इसलिए टेढ़ी पुलिया चौराहे पर न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग मौजूद थी और न ही अतिरिक्त पुलिस बल तैनात था.
प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हड़कंप
अचानक वीवीआईपी काफिले के पहुंचने से चौराहे पर मौजूद लोगों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जैसे ही वायरलेस सेट पर काफिले के रूट से भटकने की सूचना प्रसारित हुई, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया.
स्थानीय पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला. चौराहे पर मौजूद बैरिकेडिंग और अन्य अवरोधों को हटाकर काफिले को सुरक्षा घेरे में यू-टर्न दिलाया गया और फिर उसे वापस फ्लाईओवर के निर्धारित मार्ग पर लाया गया. इसके बाद काफिला सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया.
सूत्रों के अनुसार
इस घटना ने वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था और रूट प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आमतौर पर किसी भी वीवीआईपी मूवमेंट से पहले रूट का विस्तृत निरीक्षण, प्री-ट्रायल और सुरक्षा रिहर्सल की जाती है. इसके बावजूद इतनी बड़ी चूक कैसे हुई, इसकी जांच शुरू कर दी गई है. सूत्रों के अनुसार, मामले में रूट प्रभारी समेत सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है.


