Surya Chauhan murder case: गाजियाबाद के खोड़ा में हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद मुख्य आरोपी असद के एनकाउंटर और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बीच योगी सरकार ने पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद का ऐलान किया है. प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री Sunil Sharma रविवार को सूर्या के घर पहुंचे और परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता सौंपी.
उससे बात करने की हिम्मत कैसे हुई… भाई ने बहन का गला रेता, ऑनर किलिंग से दहला यूपी
बकरीद के दिन हुई थी सूर्या की हत्या
खोड़ा थाना क्षेत्र की नवनीत विहार कॉलोनी में 28 मई को बकरीद के दिन 17 वर्षीय सूरज चौहान उर्फ सूर्या की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. आरोप है कि असद ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी असद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और उसकी तलाश जारी थी.
पुलिस मुठभेड़ में मारा गया असद
शनिवार देर रात वसुंधरा इलाके में पुलिस और असद के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस के अनुसार, एनकाउंटर के दौरान असद घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. असद की मौत के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है.
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार
सूर्या हत्याकांड में पुलिस पहले ही असद के तीन साथियों नवाब, फरहान और आतिफ को गिरफ्तार कर चुकी है. वहीं एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी फरहान ने बताया कि 28 मई को बाइक चलाने को लेकर असद और सूर्या के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद असद ने अपने पिता नवाब और साथियों को घटना की जानकारी दी. आरोप है कि इसके बाद सभी ने मिलकर सूर्या को सबक सिखाने की योजना बनाई.
फरहान के मुताबिक, दोपहर करीब 3:30 बजे नवनीत विहार की गली नंबर-4 में सूर्या को घेर लिया गया. आरोप है कि फरहान ने असद को चाकू दिया और असद के पिता ने उसे विवाद खत्म करने के लिए उकसाया. इसके बाद असद ने सूर्या के पेट में चाकू घोंप दिया. गंभीर रूप से घायल सूर्या की बाद में मौत हो गई.
मनोरमा नदी की पुकार सुन उठा युवा, बस्ती से मन की बात तक गूंजी बदलाव की कहानी
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
उधर, सूर्या के परिजनों ने सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. परिवार का कहना है कि मामले में शामिल हर आरोपी को सख्त सजा मिलनी चाहिए. वहीं प्रशासन की ओर से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है.


